क्राइम

सिर्फ 700 रुपये…दिल्ली में खून से लाल हुई सड़क! उधारी के विवाद में भाई को बचाने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के रोहिणी में महज 700 रुपये की उधारी को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। बेगमपुर इलाके में झगड़े के दौरान 30 वर्षीय मुकेश यादव पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना की आगे जांच की जा रही है।

Image

700 रुपये मांगने पर बढ़ा विवाद

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली के रोहिणी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां 700 रुपये की उधारी को लेकर हुए झगड़े में 30 साल के व्यक्ति की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पीड़ित के भाई ने आरोपी से पैसे उधार लिए थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से एक आरोपी पर चोरी के 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आगे बताया कि मुकेश यादव को रविवार को बेगमपुर थाना क्षेत्र के बेगमपुर विहार के पास चाकू से गोदा गया था। इसके बाद पीड़ित को अग्रसेन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के करीब 2:18 बजे उसने दम तोड़ दिया। मुकेश के भाई सतीश ने आरोपी सचिन उर्फ सागर (29) से 700 रुपये उधार लिए थे। आरोपी बेगमपुर थाने का खराब चरित्र (बीसी) का व्यक्ति घोषित है और ई-रिक्शा चलाता है। कहा गया है कि सचिन कथित तौर पर पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन सतीश ने पैसे नहीं लौटाए।

किस आरोपी ने मारा मुकेश को चाकू?

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि रविवार को सचिन ने सतीश से फिर से पैसे की मांग की, जिसे लेकर झगड़ा होने लगा और हंगामा सुनकर मुकेश ने हस्तक्षेप किया और अपने भाई का बचाव करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि कथित झगड़े के दौरान सचिन ने मुकेश को चाकू मार दिया, जिससे उसके दाहिने कंधे पर गंभीर चोट लग गई। अधिकारी ने जानकारी दी कि अग्रसेन अस्पताल से चाकूबाजी के संबंध में सूचना मिलने के बाद, अपराध और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

होटलों और लॉज में छापेमारी कर तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी

अधिकारी ने आगे बताया कि मुकेश की मौत के बाद पुलिस ने बेगमपुर थाने में मामला दर्ज कर तीन संदिग्धों की पहचान की और अलग-अलग होटलों और लॉज में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, उन्होंने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान सचिन, एक अन्य ई-रिक्शा चालक पंकज उर्फ भूरा (23) और एक ऑटो चालक अभिषेक उर्फ अटल (22) के रूप में हुई है। पंकज और अभिषेक की पहले से कोई आपराधिक संलिप्तता नहीं है। फिलहाल आगे की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article