क्राइम

Raja Raghuvanshi Murder: 'क्राइम सीन रिक्रिएशन' के लिए सोनम रघुवंशी और आरोपियों को लेकर सोहरा पहुंची मेघालय पुलिस-Video

Crime Scene Reconstruction: राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस टीम, आरोपी व्यक्तियों के साथ, अपराध स्थल के पुनर्निर्माण के लिए शिलांग सदर पुलिस स्टेशन से सोहरा गई है।

Image

Raja Raghuvanshi Murder: 'क्राइम सीन रिक्रिएशन' के लिए सोनम रघुवंशी और आरोपियों को लेकर सोहरा पहुंची मेघालय पुलिस-Video

Raja Raghuvanshi Crime Scene Reconstruction: इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या में आरोपी उसकी पत्नी सोनम समेत सभी आरोपियों को मेघालय पुलिस मंगलवार को सोहरा लेकर गई और अपराध की कड़ियों में तारतम्य बनाने के लिए घटना का नाटकीय रूपांतरण कर रही है अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने यहां आए राजा की 23 मई को हत्या कर दी गई थी। हत्या के सिलसिले में सोनम, उसके कथित प्रेमी राज और तीन अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम ने बताया, 'हम अपराध के दृश्य को फिर से बनाने के लिए सभी आरोपियों को सोहरा ले जा रहे हैं।' उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें दोपहर 12 बजे के आसपास सोहरा में एक एकांत पार्किंग स्थल और एक घाटी के ऊपर ले जाया जाएगा।

राजा का क्षत-विक्षत शव 2 जून को वेइसाडोंग फॉल्स के पास घाटी में मिला था। सोनम की तलाश जारी रही, जो 9 जून की सुबह लगभग 1,200 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सामने आई और फिर आत्मसमर्पण किया।इससे पहले पुलिस ने उसके कथित प्रेमी राज और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं और एसआईटी मामले की जांच कर रही है।

डीजीपी आई नोंग्रांग ने सोमवार को कहा था कि एसआईटी मामले की विभिन्न कोणों से जांच कर रही है। नोंग्रांग ने कहा, 'हम जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में कुछ और भी है। यह असामान्य है कि शादी के कुछ दिन के भीतर ही वह (सोनम) अपने पति के प्रति इतनी दुश्मनी पाल ले।'उन्होंने कहा, 'हम सभी संभावित कोणों की जांच कर रहे हैं। पर्याप्त सबूत हैं और सभी पहलुओं को जोड़ा जा रहा है।' एक अधिकारी ने कहा कि एसआईटी ने असम पुलिस और कुछ अन्य राज्यों से भी सहायता मांगी है, जहां आरोपी व्यक्ति अपराध से पहले और बाद में रहे हैं।

राजा रघुवंशी के पिता ने जताया संदेह,'सोनम ने किया था राजा पर तंत्र-मंत्र का इस्तेमाल'

मेघालय में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के पिता ने सोमवार को संदेह जताया कि मुख्य आरोपी सोनम तंत्र-मंत्र पर विश्वास करती है और उसने उनके बेटे पर इसका इस्तेमाल किया था।राजा रघुवंशी की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और कुशवाह के तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है। राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और उनका शव पूर्वोत्तर के इस राज्य में दो जून को मिला था।

'सोनम के कहने पर राजा ने एक पोटलीनुमा चीज हमारे घर के मुख्य द्वार पर टांग दी थी'

इंदौर में राजा रघुवंशी के घर उनकी तेरहवीं की रस्म के बाद उनके पिता अशोक रघुवंशी ने संवाददाताओं से कहा, 'सोनम के कहने पर राजा ने एक पोटलीनुमा चीज हमारे घर के मुख्य द्वार पर टांग दी थी। सोनम ने राजा से कहा था कि इसे टांगने से घर में रहने वाले लोगों को बुरी नजर नहीं लगेगी।'उन्होंने कहा कि राजा की हत्या के बाद उन्हें लगता है कि सोनम तंत्र-मंत्र पर विश्वास करती है और उसने उनके बेटे पर इसका इस्तेमाल किया था।

'राजा की हत्या के बाद उनके घर से यह पोटलीनुमा चीज हटा दी गई'

अशोक रघुवंशी ने बताया कि राजा की हत्या के बाद उनके घर से यह पोटलीनुमा चीज हटा दी गई।उन्होंने मांग की कि उनके बेटे की हत्या में दोषी पाए जाने वाले लोगों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।राजा रघुवंशी की मां उमा ने कहा कि उनका बेटा और सोनम, दोनों जन्म कुंडली के लिहाज से मांगलिक थे और पारंपरिक तरीके से दोनों की शादी (अरेंज्ड मैरिज) सोनम के परिवार के ज्योतिषी के निकाले गए मुहूर्त के मुताबिक हुई थी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article