नई दिल्ली: इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक शादी के वक्त प्यार से जिस मंगलसूत्र को राजा ने सोनम को पहनाया था उसी ने सोनम रघुवंशी के साजिशों की पोल खोल दी।
दरअसल पुलिस जब इस मामले की छानबीन कर रही थी तभी पुलिस को बैग में मंगलसूत्र मिला। इससे पुलिस को सोनम पर शक हुआ जो स्वाभाविक था। इसी मंगलसूत्र से पुलिस को पता चला था कि सोनम जिंदा है। सोहरा के होटल MANHA में 22 मई समान छोड़ कर सोनम डबल डेकर ब्रिज के पास होम स्टे में रात रुकी थी। पुलिस को होटल में सामान के अंदर एक बॉक्स मिला जिसमे मंगलसूत्र रखा था। पुलिस को शक हुआ की हनीमून पर आए कपल का मंगलसूत्र बैग में आखिर कैसे है।
राजा हत्याकांड में 5 गिरफ्तार
राजा रघुवंशी (29) की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम (25) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और माना जा रहा है कि इसी तारीख को उनकी हत्या कर दी गई थी।राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार तीन अन्य आरोपियों-विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर शुरुआत में ‘भाड़े के हत्यारे’ होने का संदेह जताया गया था, लेकिन बाद में मेघालय पुलिस को जांच में पता चला कि वे कुशवाह के दोस्त हैं। देश भर में चर्चा का विषय बने इस हत्याकांड के पांचों आरोपी फिलहाल मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं।
2 जून को मिला था राजा रघुवंशी का शव
राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था।
राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे। मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है। पति की लाश मिलने के कुछ दिनों बाद सोनम ने 7 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया और उसे सड़क मार्ग से पटना ले जाया गया, फिर कोलकाता और फिर गुवाहाटी ले जाया गया।
हत्याकांड के बाद पुलिस ने बरामद किए थे कई सबूत
जांच में पुलिस को घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत भी मिले थे। इनमें एक शर्ट, मोबाइल फोन के पार्ट्स, एक रेनकोट, हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार, किलर्स के खून से सने कपड़े और उनकी फिंगरप्रिंट शामिल थे। इसके साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
20 मई को हनीमून पर गए थे
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम शादी के बाद 20 मई को हनीमून पर गए थे। दोनों 23 मई को मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा इलाके से लापता हो गए थे। 2 जून को राजा का शव एक खाई में मिला, जबकि उनकी पत्नी सोनम की तलाश की जा रही थी। अचानक नाटकीय मोड़ तब आया जब 8-9 जून की दरमियानी रात सोनम यूपी के गाजीपुर स्थित ढाबे पर पहुंची। उसने अपने घरवालों से बात की और उसके बाद पुलिस के आगे सरेंडर करने की खबर आई। (एजेंसी इनपुट के साथ)
