शहर

डेढ़ साल के बच्चे को पटक-पटककर मारने वाले सिरफिरे आशिक को कोर्ट ने सुनाई'सजा-ए-मौत'

फिरोजाबाद की अदालत ने डेढ़ साल के मासूम निर्मम हत्या के दोषी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को फांसी की सजा सुनाई है। एकतरफा प्यार में पागल विराज ने 29 मई 2026 को इस घटना को अंजाम दिया था।

Image

मासूम को पटक-पटककर मारने वाले को मिली मौत की सजा

फिरोजाबाद में अदालत ने एक सिरफिरे आशिक को मौत की सजा सुनाई है। एकतरफा प्यार में पागल आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने महिला के डेढ़ साल के बच्चे आरव की जमीन पर पटक-पटकर कर हत्या कर दी थी। अदालत ने फिरोजाबाद में शिकोहाबाद के इस बहुचर्चित हत्याकांड में विराज को दोषी मानते हुए उसे मासूम की इस नृशंस हत्या के लिए फांसी की सजा सुनाई है।

डेढ़ वर्षीय मासूम की सड़क पर पटक-पटकर हत्या के मामले में अदालत ने उसे कल यानी गुरुवार 9 जुलाई को ही दोषी करार दिया था। बता दें कि विराज ने इसी साल 29 मई को शिकोहाबाद में डेढ़ साल के आरव को जमीन पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सिर्फ 6 दिन में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इसके बाद 39 दिन में ही अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए सजा भी सुना दी।

जिला अदालत के जज डॉ. बब्बू सारंग ने आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को गुरुवार को दोषी करार देने के बाद सजा के लिए आज यानी 10 जुलाई की तारीख तय की थी। गौरतलब है कि बदायूं के शेखूपुर निवासी विराज एक महिला से एकतरफा प्यार करता था।

विराज, महिला पर शादी का दबाव भी बना रहा था। जब महिला ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया तो वह नाराज हो गया और वह महिला के डेढ़ साल के बेटे आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद वह बच्चे को एक सुनसान गली में ले गया और वहां कई बार जमीन पर पटक-पटककर मासूम की जान ले ली। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV में कैद हो गई। CCTV फुटेज वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया। पुलिस ने विराज को एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।

इस मामले में सिर्फ 6 दिनों के भीतर 13 लोगों की गवाही हुई। सुबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने विराज को दोषी ठहराया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!