पंजाब में सरकार लाख दावे कर ले, लेकिन असलियत यही है कि भगवंत मान सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में फेल होती दिख रही है। राज्य में हत्याओं का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को बठिंडा में एक लड़की को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है।
घटना बठिंडा बस स्टैंड के पास की है। लड़की कोर्ट परिसर के पास दो लोगों के साथ बैठकर बात कर रही थी। तभी उसपर बाइक सवार बदमाशों ने हमला बोल दिया। महिला को गोली लगने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार महिला के पास पहले बाइक सवार आकर रुका था, बात की, दोनों के बीच बहस हुई और महिला ने बाइक सवार को थप्पड़ मार दिया। जिसके तुरंत बाद लड़के ने पिस्टल निकाला और दो गोलियां लड़की के सीने में दाग दी। जिसके बाद लड़की खून से लथपथ हो गई। किसी तरह से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने कहा कि लड़की को अस्पताल लाने से पहले ही मौत हो चुकी थी। खून काफी बह गया था। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दविंदर गिल ने कहा कि मृतक की पहचान बठिंडा शहर के हजीरतन इलाके की रहने वाली कुलविंदर कौर के रूप में हुई है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- "कुछ दिन पहले भगवंत मान, अमित शाह को जवाब देते हुए उन्हें ताना मार रहे थे कि पंजाब, यूपी और बिहार से बेहतर है लेकिन आज बठिंडा में पुलिस चौकी के पास दिनदहाड़े एक महिला की नृशंस हत्या से पता चलता है कि पंजाब यूपी और बिहार से भी बदतर है। मुख्यमंत्री को हत्याओं की जिम्मेदारी लेनी चाहिए!"
