क्राइम

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 10 रुपये के लिए खूनी खेल! निहंगों ने दुकानदार पर कृपाण से किया हमला, हाथ कटा

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 10 रुपये के विवाद में निहंगों ने दुकानदार पर कृपाण से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार के हाथ पर गहरी चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Image

प्रतीकात्मक AI Image

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड में गन्ने के जूस के महज 10 रुपये के विवाद में दो निहंग भाइयों ने दुकानदार पर कृपाण से हमला कर दिया। हमले में दुकान पर काम करने वाले 35 वर्षीय युवक के बाएं हाथ में कलाई के ऊपर गहरी चोट आई है। घायल को PCR की मदद से LNJP अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका MLC तैयार किया गया है।

घटना गुरुवार सुबह करीब 10:08 बजे की है। कमला मार्केट थाना पुलिस को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आउटर गेट के पास गन्ने के जूस की दुकान पर तलवार से हमला होने की PCR कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि जूस की कीमत को लेकर विवाद हुआ था।

दोनो सगे भाई अमृतसर से ट्रेन के जरिए दिल्ली आए थे

पुलिस के मुताबिक, पंजाब के जालंधर निवासी दो सगे भाई 21 साल का गगनदीप सिंह और 30 साल का बलजीत सिंह अमृतसर से ट्रेन के जरिए दिल्ली आए थे। दोनों रात में गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में रुके थे। इसके बाद वे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, जहां से उन्हें धार्मिक यात्रा के लिए महाराष्ट्र के नांदेड जाना था।

स्टेशन के बाहर दोनों भाइयों ने गन्ने के जूस की दुकान पर दो गिलास जूस लिया। जूस की कीमत 60 रुपये थी, लेकिन दोनों 50 रुपये देने पर अड़ गए। इसी बात को लेकर दुकानदार के कर्मचारी से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि गगनदीप सिंह ने अपनी कृपाण से दुकानदार के कर्मचारी पर हमला कर दिया। युवक ने बचने की कोशिश की, लेकिन उसके बाएं हाथ में कलाई के ऊपर गहरी चोट लग गई।

लोगों ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया। दोनों के पास तलवारें थीं

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया। दोनों के पास तलवारें थीं। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। घायल को PCR कर्मियों ने LNJP अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने चोट का MLC तैयार किया है और फिलहाल चोट की प्रकृति को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article