अध्यात्म

दशहरा पर क्या देखना शुभ होता है, विजयादशमी पर किन चीजों का करना चाहिए दर्शन

Dussehra 2026 Shubh Sanket: साल 2026 में दशहरा 20 अक्टूबर के दिन पड़ रहा है। इस दिन कुछ खास चीजों के दर्शन करने को बेहद शुभ माना गया है। आइए जानते हैं कि वे चीजें क्या है।

Image

दशहरा पर क्या देखना शुभ होता है (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Dussehra 2026 Shubh Sanket: दशहरा यानी विजयादशमी का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के संहार का उत्सव मनाया जाता है।

साल 2026 में दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। पूजा-पाठ और रावण दहन के साथ इस दिन कुछ खास चीजों के दर्शन करना काफी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इन शुभ संकेतों से जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता आती है। इसके साथ ही हर कामना पूरी होती है। आइए जानते हैं दशहरे पर किन 5 चीजों के दर्शन शुभ माने जाते हैं।

1. नीलकंठ पक्षी का दिखना

दशहरे के दिन नीलकंठ पक्षी के दर्शन करना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि विजयादशमी पर नीलकंठ दिखने से सौभाग्य जागता है और रुके हुए काम पूरे होने लगते है। नीलकंठ को भगवान शिव का प्रतिनिधि माना जाता है। समुद्र मंथन के दौरान हलाहल विष पीने का पान करने से उनका कंठ नीला पड़ गया था।

नीलकंठ को लेकर दो मान्यताएं और हैं। माना जाता है कि जब भगवान श्रीराम लंका की तरफ रावण से युद्ध करने जा रहे थे, तब भगवान शिव ने उनको नीलकंठ पक्षी की रूप में दर्शन दिए थे। इसके अलावा जब रावण वध के बाद प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण पर ब्रह्म हत्या का पाप लगा था तो इससे मुक्ति के लिए उन्होंने शिव आराधना की थी और भगवान शिव ने नीलकंठ पक्षी के रूप में आकर उनको दर्शन दिए थे।

2. शमी के पेड़ के दर्शन

दशहरे पर शमी के पेड़ की पूजा करना बेहद शुभ होता है। पौराणिक कथा के अनुसार, पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान अपने अस्त्र-शस्त्र शमी के पेड़ पर छिपाए थे। अज्ञातवास पूरा होने के बाद अर्जुन ने इसी पेड़ से अपने शस्त्र वापस लिए थे। इसी वजह से विजयादशमी पर शमी पूजन और शस्त्र पूजन की परंपरा है।

भगवान श्रीराम ने भी लंका पर चढ़ाई करने से पहले शमी के पेड़ की पूजा की थी। शमी भगवान शिव का प्रिय पौधा है। इसकी पत्तियां शिवलिंग पर चढ़ाने से शनिदेव के अशुभ प्रभाव कम होने की मान्यता है। शमी की पूजा करने से साहस, सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता का आशीर्वाद मिलता है।

विजयादशमी पर शमी के पत्ते सोने के प्रतीक के रूप में बांटे जाते हैं। लोग परिवार और परिचितों को शमी के पत्ते देकर धन, खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हैं। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में यह परंपरा खास तौर पर प्रचलित है। दशहरे पर शमी के पत्ते मिलना शुभ होता है।

3. मछली का दिख जाना

दशहरे के दिन कहीं जाते समय एक्वेरियम, तालाब या नदी में मछली दिख जाए, तो यह बेहद शुभ संकेत है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, विजयादशमी पर मछली के दर्शन होने से भाग्य का साथ मिलता है और कामकाज में सफलता मिलती है।

पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लेकर सृष्टि की रक्षा की थी। इस कारण मछली का दर्शन बेहद शुभ माना गया है।

4. कछुए का दिखना

कछुआ भगवान विष्णु के कच्छप अवतार और सुख-समृद्धि का प्रतीक है। पौराणिक कथा के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान विष्णु ने कच्छप अवतार धारण करके मंदराचल पर्वत को अपनी पीठ पर आधार दिया था। इसी वजह से कछुए को धैर्य, स्थिरता और संरक्षण का प्रतीक माना जाता है।

दशहरे के दिन कहीं जाते समय एक्वेरियम, तालाब या किसी अन्य जगह कछुआ दिख जाए, तो इसे शुभ संकेत माना जाता हैं। धार्मिक मान्यता है कि कछुए के दर्शन से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है। कछुआ धैर्य और स्थिरता का प्रतीक भी है।

5. विजय तारा को देखना

विजयादशमी के दिन शाम के समय उदित होने वाले तारे को विजय तारा कहते हैं। माना जाता है कि यह समय विजय मुहूर्त होता है। प्रभु श्रीराम ने इसी काल में रावण का वध किया था। इस कारण इस तारे का दर्शन सभी कार्यों में सफलता दिलाने वाला माना गया है। इस तारे के दर्शन करके मनोकामना बोलनी चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से वो मनोकामना पूरी हो जाती है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी शास्त्रों पर आधारित है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article