क्राइम

शख्स ने पत्नी का किया कत्ल, ससुराल वालों ने दामाद को दी खौफनाक मौत; जानें क्या था माजरा

झारखंड के गिरिडीह में अपनी ससुराल पहुंचे शख्स ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बेटी की हत्या से खफा ससुराल वालों ने दामाद को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लुकईया गांव में एक शख्स ने ससुराल में पत्नी की चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद वह भागने की कोशिश कर रहा था, तभी महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। वारदात बुधवार देर रात की है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पति-पत्नी के बीच रिश्ते में थी खटास

बताया गया कि लुकईया गांव की रहने वाली मीना हांसदा की शादी छोटेलाल हांसदा के साथ आठ साल पहले हुई थी। शादी के कुछ वर्षों बाद दोनों के रिश्ते सामान्य नहीं रहे और मीना हांसदा मायके में आकर रहने लगी। इस बीच दोनों के बीच सुलह की कोशिश हुई। कुछ दिन पहले छोटेलाल हांसदा ससुराल पहुंचा। बुधवार की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद छोटेलाल ने पत्नी मीना पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद छोटेलाल भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मीना के परिजनों और गांव वालों को घटना की खबर मिल गई। लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। गंभीर रूप से घायल छोटेलाल ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पत्नी की हत्या कर भाग रहे छोटूलाल हांसदा को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। इस संबंध में मुफस्सिल थाने में दो केस दर्ज होंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग भी मारपीट और हत्या की वारदात में शामिल हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article