क्राइम

मंगलसूत्र गिरवी रख खरीदी कट्टा-गोली, दो प्रेमियों संग रची कविता ने रची पति के कत्ल की खौफनाक साजिश; एक ने की रेकी, दूसरे ने किया मर्डर

पुलिस के अनुसार, कविता ने अपना सोने का मंगलसूत्र त्रिलोचन को सौंप दिया, जिसे उसने एक स्थानीय सुनार के पास गिरवी रखकर 45,000 रुपये हासिल किए। इसी रकम से राउरकेला में एक शख्स से देसी पिस्तौल और कारतूस खरीदे गए।

Image

ओडिशा में सनसनीखेड मर्डर (AI Image)

Odisha Crime News: ओडिशा में रिश्ते और भरोसे को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ओडिशा के सुवर्णपुर जिले में पत्नी ने अपने दो कथित प्रेमियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या करा दी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के लिए हथियार जुटाने के लिए आरोपी महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र तक गिरवी रख दिया और वारदात के बाद खुद ही पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह खौफनाक घटना 17 नवंबर की शाम की है, जब सुदाम नाग नाम के व्यक्ति को सुवर्णपुर जिले के पनकेल छक के पास गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।

सालभर से चल रहा था अफेयर, 12 साल पुराना एक और रिश्ता

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सुदाम की पत्नी कविता नाग का पिछले करीब एक साल से त्रिलोचन बाग उर्फ टिंकू के साथ संबंध था। इसके अलावा, कविता के एक अन्य आरोपी युवराज साहू के साथ भी लगभग 12 वर्षों से संबंध होने की बात सामने आई है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, सुदाम को कविता और त्रिलोचन के रिश्ते पर कड़ी आपत्ति थी। उन्होंने त्रिलोचन को अपने घर आने या कविता से संपर्क रखने को लेकर सख्त चेतावनी दी थी। इसी नाराजगी और रास्ते से हटाने की मंशा से तीनों ने मिलकर सुदाम के कत्ल की साजिश रची।

मंगलसूत्र गिरवी रखकर मंगाया देसी कट्टा

हत्या की पटकथा लिखने के बाद हथियार खरीदने के लिए पैसों का इंतजाम किया गया। पुलिस के अनुसार, कविता ने अपना सोने का मंगलसूत्र त्रिलोचन को सौंप दिया, जिसे उसने एक स्थानीय सुनार के पास गिरवी रखकर 45,000 रुपये हासिल किए। इसी रकम से राउरकेला में एक शख्स से देसी पिस्तौल और कारतूस खरीदे गए। पुलिस ने बताया कि हथियार के लिए अतिरिक्त भुगतान फोनपे और नकद के जरिए भी किया गया था।

व्हाट्सएप कॉल और लोकेशन ट्रैकिंग से बिछाया जाल

17 नवंबर की शाम सुदाम अपनी बाइक सुधरवाने के बाद लेने के लिए डूंगुरीपाली स्थित पठान गैराज गए थे। आरोप है कि इसी दौरान युवराज फोन कॉल के जरिए सुदाम की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और इसकी जानकारी कविता को दे रहा था। कविता लगातार व्हाट्सएप कॉल के जरिए त्रिलोचन के संपर्क में बनी रही और पति की पल-पल की लोकेशन व मूवमेंट की अपडेट उसे भेजती रही। सटीक लोकेशन मिलते ही त्रिलोचन ने पनकेल छक के पास बाइक सवार सुदाम को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। पहले दो गोलियां चलाई गईं और सुदाम के जमीन पर गिरने के बाद त्रिलोचन ने बेहद करीब से दो गोलियां और मारीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

खुद ही दर्ज कराई झूठी शिकायत, पर खुल गई पोल

वारदात के बाद खुद को बेकसूर दिखाने और पुलिस को भटकाने के लिए कविता ने शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात हमलावर ने उसके पति की हत्या कर दी है। 17 नवंबर को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गहन छानबीन शुरू की। चश्मदीदों के बयान, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस को त्रिलोचन पर शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से हुई पूछताछ और जांच के आगे पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं और कविता व युवराज की संलिप्तता भी सामने आ गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, सुदाम का मोबाइल फोन, पांच अन्य मोबाइल और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article