झारखंड के साहिबगंज जिले में पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है। STF के अनुसार, गिरफ्तार की गई युवती का कथित तौर पर संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल के साथ सीधा संपर्क था। हामिद मंडल की सहयोगी अर्पिता सरकार को एसटीएफ ने गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां उसे 14 दिन की हिरासत में भेज दिया गया। आगे की जांच के लिए अर्पिता मंडल को एसटीएफ बर्धमान कोर्ट से कोलकाता ले गई।
बरहरवा थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
STF की टीम ने साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना अंतर्गत बेबतपुर ग्वालखोर गांव में छापेमारी कर अर्पिता को हिरासत में लिया। इसके बाद टीम उसे आगे की पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल ले गई है। यह पूरी कार्रवाई बर्धमान थाने में दर्ज कांड संख्या 1096/26 के सिलसिले में की गई है। अर्पिता को बर्दवान लाकर कड़ी पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस उसकी रिमांड की भी मांग करेगी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल में अर्पिता की क्या भूमिका थी और उसके जरिए नेटवर्क के कौन-कौन से अन्य लोग जुड़े हुए थे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क पर अपनी कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
संदिग्ध नेटवर्क की पड़ताल में जुटी एजेंसियां
अधिकारियों के मुताबिक इस मामले का मुख्य आरोपी हमीम मंडल पहले ही बर्धमान से पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। STF ने गुरुवार को बर्धमान शहर के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में मौजूद किराए के अपार्टमेंट से मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उस पर ISI-समर्थित नेटवर्क का हिस्सा होने का शक है। इस नेटवर्क का काम BJP नेताओं समेत VIP लोगों के बारे में खुफिया जानकारी जुटाना, लोगों को भर्ती करना और राज्य में संभावित आतंकी गतिविधियों के लिए ज़मीन तैयार करना था।
