F-35B Crash: अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बड़ा सैन्य हादसा सामने आया है। अमेरिकी मरीन कोर का अति-आधुनिक F-35B स्टील्थ लड़ाकू विमान शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि विमान के जमीन से टकराने से ठीक पहले पायलट ने समय रहते खुद को आपात स्थिति में इजेक्ट कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
मिरामार एयर बेस के पास हादसा
मरीन कोर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सैन डिएगो स्थित 'मीरामार एयरबेस' के करीब हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान रनवे की ओर उतर रहा था, तभी अचानक उसकी गति धीमी पड़ गई। जब विमान जमीन से महज 30 मीटर (लगभग 100 फीट) की ऊंचाई पर था, तभी पायलट आपात स्थिति में बाहर निकल आया। पैराशूट खुलने के कुछ ही क्षणों बाद विमान जमीन से जा टकराया और एक जोरदार विस्फोट के साथ आग की लपटों में घिर गया।
पायलट की स्थिति स्थिर
हादसे के तुरंत बाद दमकल और सैन्य बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इजेक्ट हुए पायलट को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, पायलट को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
'क्लास-ए मिसहैप' घोषित
अमेरिकी मरीन कोर ने इस हादसे को ’क्लास-ए मिसहैप’ (Class-A Mishap) यानी सबसे गंभीर श्रेणी की सैन्य दुर्घटना करार दिया है। अमेरिकी सेना के नियमों के अनुसार, 'क्लास-ए' श्रेणी में उन हादसों को रखा जाता है जिनमें:
- विमान पूरी तरह से नष्ट हो जाए।
- 20 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक का नुकसान हो।
- या किसी सैन्यकर्मी की मौत अथवा स्थायी विकलांगता हो।
कितना खास है F-35B लड़ाकू विमान?
F-35 विमानों को अमेरिकी सेना के बेड़े के सबसे सुरक्षित और अत्याधुनिक फाइटर जेट्स में गिना जाता है। F-35B इस विमान का वह खास वेरिएंट है, जो कम दूरी से उड़ान भरने (Short Takeoff) और लगभग सीधे (Vertical Landing) उतरने में सक्षम है। इस सिंगल-सीटर स्टील्थ फाइटर जेट की कीमत लगभग 10.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर है। फिलहाल अमेरिकी सैन्य अधिकारी हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गए हैं।
