बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद चक्रवाती तूफान का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अक्टूबर की सुबह पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके धीरे-धीरे मजबूत होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यह सिस्टम 24 अक्टूबर तक डिप्रेशन, 25 अक्टूबर तक गहरे डिप्रेशन और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ सकता है।
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के तटीय इलाकों में दिखेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि 28 अक्टूबर के आसपास आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के तटीय इलाकों में इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, यह तूफान किस दिशा में आगे बढ़ेगा और किस जगह तट से टकराएगा, इसकी सटीक जानकारी अगले मौसम बुलेटिन में मिल सकती है। इस संभावित चक्रवाती तूफान का नाम ‘अर्नब’ (Arnab) हो सकता है। हालांकि, अभी यह केवल कम दबाव का क्षेत्र है। इसे चक्रवाती तूफान घोषित नहीं किया गया है।
बंगाल के तट पर तूफान के सीधे टकराने की पुष्टि नहीं
पश्चिम बंगाल में भी मौसम विभाग के अगले अपडेट पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल बंगाल के तट पर तूफान के सीधे टकराने की पुष्टि नहीं हुई है। अगले 24 से 48 घंटों में इसकी दिशा और ताकत को लेकर स्थिति और साफ हो सकती है। समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने की जरूरत है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के आधार पर तटीय इलाकों में जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा सकते हैं।
आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट
इस बीच, आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने उत्तर-पूर्वी मानसून के प्रभाव से अगले चार दिनों में राज्य भर में छिटपुट भारी वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है। एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने कहा कि शुक्रवार को बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी और उन्हें पेड़ों के नीचे या बड़े-बड़े होर्डिंग्स के पास खड़े होने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को विजयनगरम, मान्यम, अल्लूरी, कडप्पा, अन्नामय्या, चित्तूर और तिरूपति जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।
साथ ही श्रीकाकुलम, पोलावरम, विशाखापत्तनम, कोनासीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, एलुरु, कृष्णा, एनटीआर, गुंटूर, मार्कापुरम, प्रकाशम, नेल्लोर, नंद्याल और श्री सत्य साई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। शेष जिलों में हल्की वर्षा की संभावना है।
