क्राइम

चेंजिंग रूम' में लगा रखा था सीक्रेट कैमरा, रिकॉर्ड किए महिलाओं के कपड़े बदलने के वीडियो; सोशल मीडिया पर किए शेयर

मध्य प्रदेश के शहडोल स्थित एक दुकान के चेंचिंग रूम में सीक्रेट कैमरा मिलने पर पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि महिलाओं के कपड़े बदलने के वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए।

Image

(सांकेतिक फोटो)

शहडोल : जिले के एक छोटे से कस्बे में स्थित कपड़ों की एक दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में छुपाकर लगाए गए कैमरे के मिलने के बाद दुकान मालिक और उसके बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब छुपाकर लगाए गए कैमरे से महिलाओं के कपड़े बदलने के दौरान बनाए गए कुछ वीडियो स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने लगे। वीडियो में स्थानीय महिलाएं नजर आईं तो लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

‘चेंजिंग रूम’ में गुप्त कैमरा

यह पूरा मामला शहडोल के देवलोंद थाना क्षेत्र के छोटे से कस्बे बुढ़वा का है। देवलोंद के थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने बताया कि बुढ़वा के रहने वाले कृष्ण पाल सिंह बैस ने पुलिस को लिखित शिकायत दी कि बुढ़वा में नारायण दीन गुप्ता की कपड़ों की दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में गुप्त कैमरा लगा हुआ है। दुबे ने दर्ज शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि गुप्त कैमरे से दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में आने वाली महिलाओं की रिकॉर्डिंग की जा रही थी। पुलिस ने दुकान में दबिश दी तो वहां ‘चेंजिंग रूम’ में गुप्त कैमरा लगा हुआ मिला।

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद पुलिस ने कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को जब्त कर लिया। दुकान के मालिक ने ही ‘चेंजिंग रूम’ में कैमरा छुपाकर लगाया था ताकि महिलाओं के वहां कपड़ा बदलने का दृश्य शूट किया जा सके। दुकान मालिक इस वीडियो को अपने कंप्यूटर में देखा करता था। पुलिस के मुताबिक, इस वीडियो की भनक उसके बेटे को लगी तो उसने भी वीडियो देखने शुरू कर दिए और फिर उसने कुछ वीडियो अपने दोस्तों को साझा कर दिए।

स्थानीय महिलाओं के वीडियो शेयर

पुलिस ने बताया कि वीडियो वायरल होने लगे और कुछ वीडियो में स्थानीय महिलाएं नजर आईं तब हंगामा मच गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शहडोल के पुलिस अधीक्षक राम जी श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुकान मालिक और उसके बेटे के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक स्थानीय नागरिक ने इस घटना पर आश्चर्य जताया और कहा कि अब तक ऐसे मामले बड़े शहरों में सामने आया करते थे और अब ये यहां भी पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article