पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता सुजीत मंडल की हत्या के मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हत्या के मुख्य आरोपी समयुन शेख की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह अपराध की घटना का सीन रीक्रिएट कराने के लिए आरोपी को मौके पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने और भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य घटना जो उत्तर 24 परगना जिले के गाईघाटा की है। जहां 11वीं कक्षा की छात्रा के बलात्कार और हत्या के आरोपी प्रह्लाद दास की भी मौत पुलिस एनकाउंटर में हो गई।
भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त को भाजपा कार्यकर्ता सुजीत मंडल लापता हो गए थे। दो दिन बाद उनका शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईडी को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान सीआईडी ने हत्या के मुख्य आरोपी समयुन शेख को गिरफ्तार किया था। इस मामले में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
शव के कुछ हिस्से अब तक नहीं मिले
मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक, सुजीत मंडल के शव के सभी हिस्से बरामद नहीं हो सके थे। आरोप है कि हत्या के बाद उनके शरीर के टुकड़े कर दिए गए थे। शव के कुछ हिस्से मिले थे, जबकि बाकी हिस्सों की तलाश जारी थी।
11वीं कक्षा की छात्रा के बलात्कार और हत्या के आरोपी की भी मौत
वहीं, एक अन्य घटना जो उत्तर 24 परगना जिले के गाईघाटा की है। यहां 11वीं कक्षा की छात्रा के बलात्कार और हत्या के आरोपी प्रह्लाद दास को पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए लेकर गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सर्विस रिवॉल्वर छीनकर कई राउंड फायरिंग की और तालाब में कूदकर भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा शनिवार रात संगीत कार्यक्रम से लापता हुई थी और रविवार सुबह उसका शव बरामद हुआ था।
