Sidhu Moose Wala Murder Case:पंजाब पुलिस (Punjab Police) की हिरासत से सिद्धू मोसेवाला हत्याकांड का एक शूटर और लॉरेन्स बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग का गैंगस्टर फरार हो गया है। पुलिस हिरासत से इस तरह गैंगस्टर के भागने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मनसा पुलिस (Mansa)ने इस संबंध में एक बयान जारी करते हुए कहा, 'कपूरथला जेल से मानसा के सीआईए स्टाफ कार्यालय में रिमांड पर पुलिस द्वारा निजी वाहन में लाए गए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी दीपक टीनू आज तड़के हिरासत से फरार हो गया। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी दीपक से पूछताछ होनी थी।'
पुलिस का तलाशी अभियान जारी
मूसेवाला हत्याकांड में टीनू को चार्जशीट किया गया था। उसे मनसा पुलिस द्वारा किसी अन्य मामले में गोइंदवाल साहिब जेल से पेशी वारंट पर लाया गया था। पता चला कि वह शनिवार रात सीआईए की हिरासत से भाग गया था। अधिकारियों ने कहा कि टीनू और गैंगस्टर सैंपल नेहरा दोनों बिश्नोई के करीबी सहयोगी हैं। गैंगस्टर को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।कुछ दिन पहले अरेस्ट हुआ था दूसरा गैंगस्टर
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही पंजाब पुलिस के गैंगस्टर-रोधी कार्यबल ने बंबिहा गिरोह के भगोड़े शूटर नीरज चस्का को गिरफ्तार किया था। तब पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ट्वीट कर बताया, 'पंजाब पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्यबल ने एक और सफलता हासिल करते हुए बंबिहा गिरोह के भगोड़े शूटर नीरज चस्का को गिरफ्तार कर लिया है।' डीजीपी ने कहा कि नीरज हत्या के कई मामलों में वांछित था, जिनमें विदेश में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के एक संबंधी व लारेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य गुरलाल बराड़ की हत्या का मामला भी शामिल है।
