Gorakhpur News: गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र के बाहिलपार गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर एक घंटे तक शव के पास बैठा रहा। इसके बाद वह सीधे थाने पहुंचा और थानेदार से बोला कि मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है और शव घर पर पड़ा है। यह सुनकर पुलिसकर्मी होश उड़ गये। पुलिस तुरंत आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां महिला की खून से लथपथ शव बेड पर पड़ी मिली।
फिलहाल फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटा लिए हैं और मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या का कारण अफेयर के शक को लेकर हुए झगड़े हैं। आरोपी की पहचान अंगद शर्मा के रूप में हुई है, जो कर्नाटक में बढ़ई का काम करता था। दो साल पहले उसने अपने ही गांव की नेहा नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों की जाति अलग होने की वजह से परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध किया था, जिसके बाद उन्होंने मंदिर में शादी की थी।
शादी के बाद अंगद, नेहा को लेकर कर्नाटक चला गया था। कुछ समय बाद वे गांव लौट आए और नेहा को सहजनवा में किराए पर एक कमरा दिलाया। लेकिन नेहा अपनी बड़ी बहन के पास गीडा थाना क्षेत्र में रहने चली गई और एक वाहन एजेंसी में नौकरी करने लगी। करीब दो महीने पहले अंगद वापस गांव आया। उसने नेहा को किसी से फोन पर बात करते देखा।
जब उसने पूछा, तो नेहा ने बताया कि वह कंपनी के प्रोजेक्ट को लेकर बात कर रही थी। इसके बाद दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। 3 जून की रात भी दोनों में कहासुनी हुई। अगली सुबह अंगद ने पहले नेहा के सिर पर वार किया और फिर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह एक घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
