क्राइम

दिल्ली: तिहाड़ जेल के नाले में डूबने से दो कैदियों की मौत

तिहाड़ जेल में ​दोनों कैदी नाले में बेहोश पाए गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दोनों को हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था।

Image

तिहाड़ जेल में दो कैदियों की मौत (फाइल फोटो- PTI)

दिल्ली की तिहाड़ जेल में हत्या के दो दोषियों की कथित तौर पर जेल परिसर के अंदर नाला साफ करते समय डूबने से मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूत्र ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे जेल नंबर आठ में उस समय हुई जब अमित और विनय कुमार बरसाती नाला साफ कर रहे थे।

सूत्र ने कहा, “हमें शुरुआत में जानकारी मिली थी कि दो कैदी इसमें शामिल थे, लेकिन ऐसा कोई रिकॉर्ड या आदेश नहीं है कि उन्हें आधिकारिक तौर पर उस जगह की सफाई का काम सौंपा गया था। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या वे खुद ही वहां गए थे और नाले में गलती से फिसल गए और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दोनों डूब गए।”

दोनों कैदी नाले में बेहोश पाए गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दोनों को हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था। घटना के बाद मानक प्रक्रिया के अनुसार न्यायिक जांच और पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, जेल प्रशासन ने कर्मचारियों की ओर से किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही का पता लगाने के लिए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। सूत्र ने बताया, “तीन अधिकारियों - उप अधीक्षक, सहायक अधीक्षक और एक हवलदार - को आगे की जांच तक निलंबित कर दिया गया है।” जेल अधिकारी सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं और घटना के समय आसपास मौजूद अन्य कैदियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article