Delhi Rape: दिल्ली में एक बार फिर से एक मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। बाहरी दिल्ली में एक 9 साल की लड़की का पहले अपहरण किया गया, फिर उसके साथ रेप किया गया और फिर हत्या करके उसकी लाश को नहर में फेंक दिया। अपहरण, रेप और हत्या का आरोप मासूम के मकान मालिक पर लगा है।
शव नहीं मिला
बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 52 वर्षीय मकान मालिक ने नौ वर्षीय लड़की को कथित रूप से अगवा कर उसके साथ बलात्कार किया फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने उसके शव को एक नहर में फेंक दिया। पुलिस लड़की का शव बरामद करने की कोशिश कर रही है।
घुमाने का दिया था लालच
पुलिस ने कहा कि 12 दिसंबर को लड़की जब अपने घर के बाहर खेल रही थी तो आरोपी ने कथित तौर पर लड़की को घुमाने का लालच दिया। जांचकर्ताओं के मुताबिक, इसके बाद आरोपी लड़की को सुनसान इलाके में ले गया जहां उसने अपनी कार में उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि अपना जुर्म छुपाने के लिए उसने लड़की का गला घोंट दिया और फिर शाम करीब साढ़े छह बजे उसके शव को मुनक नहर में फेंक दिया। आरोपी नंगली पुना गांव में पीड़िता के घर से कुछ मीटर की दूरी पर अलग घर में रहता है। वह शाम करीब साढ़े सात बजे अपने घर लौट आया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पीड़ित परिवार करीब एक साल से किराए के मकान में रह रहा था। लड़की के 12 दिसंबर को लापता होने के बाद, पुलिस को सूचित किया गया और उन्होंने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी शुरू की और उन्हें आरोपी पर शक हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमें पता चला कि लड़की को एक बंद गोदाम के पास से अगवा किया गया था। परिवार के सदस्यों ने उस व्यक्ति की पहचान अपने मकान मालिक के रूप में की, जो उसे अपने साथ ले जा रहा था।"
अस्पताल में हो गया भर्ती
जब पुलिस जांच के लिए आरोपी के घर पहुंची तो उन्हें पता चला कि 15 दिसंबर को जब वह स्कूटर चला रहा था तो वह दुर्घटना का शिकार हो गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया- "उसे रोहिणी के एक अस्पताल ले जाया गया। सूचना पाकर थाने से भी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने पुलिस टीम को बताया कि उसे कई ‘फ्रैक्चर’ हुए हैं और वह बयान नहीं दे पाएगा। आरोपियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए अस्पताल में एक टीम तैनात की गई थी।"
गुनाह किया कबूल
डॉक्टरों ने 17 दिसंबर को उसे बयान के लिए फिट घोषित कर दिया और पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने लड़की का अपहरण कर लिया था और उसे किसी सुनसान जगह पर ले गया जहां उसने उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, “ पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह डर गया था और इसलिए उसने गला घोंटकर लड़की की हत्या कर दी। मंगलवार को हम आरोपी को घटनास्थल पर ले गए। पीड़िता के शव को निकालने के लिए कुल छह गोताखोरों को लगाया गया है और शव का अब तक पता नहीं चल सका है।”
