क्राइम

छत्तीसगढ़ में निकाह के बाद कत्ल: इतना बढ़ा विवाद कि रिसेप्शन से पहले शौहर ने बीवी को चाकू से गोदा, फिर ले ली अपनी जान

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Feb 22, 2023, 07:58 PM IST

पुलिस अफसरों को इस मामले में आशंका है कि विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की होगी।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : iStock

छत्तीसगढ़ में निकाह के एक रोज बाद शौहर ने कथित तौर पर बीवी का कत्ल कर खुद की जान ले ली। दरअसल, दोनों के बीच रिसेप्शन से ऐन पहले जबरदस्त विवाद हुआ था। इस दौरान शख्स ने महिला को लगभग 15 बार चाकू से गोदा था। घटना के बाद मौके से लड़की की लाश बगैर कपड़ों के बरामद की गई। दंपति की लाश पर चाकू से वार के निशान भी मिले। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल छानबीन में जुटी है।

समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को इस बारे में बुधवार (22 फरवरी, 2023) को पुलिस की ओर से बताया गया कि यह केस राजधानी रायपुर का है। मंगलवार (21 फरवरी, 2023) की शाम टिकरापारा थाना क्षेत्र के तहत बृजनगर में एक मकान से असलम (24) और पत्नी कहकशा बानो (22) की लाशें मिली थीं, जिन पर चाकू से वार के निशान थे। असलम और कहकशा की रविवार को शादी हुई थी और मंगलवार रात उनके निकाह का रिसेप्शन रखा गया था।

अफसरों के अनुसार, दोनों अपने कमरे में जब प्रोग्राम के लिए तैयार हो रहे थे तब दूल्हे की मां ने दुल्हन की चीख सुनी। वह इसके बाद वहां फौरन पहुंचीं। दूल्हे की मां ने जैसे ही कमरे में दाखिल होने की कोशिश की तो कमरा अंदर से बंद था, जबकि उन दोनों की ओर से कोई जवाब न आया। बाद में जब परिवार के सदस्यों ने खिड़की से झांककर देखा तो दोनों कमरे में खून से लथपथ पड़े थे। आनन-फानन परिजन ने इस बारे में पुलिस को खबर की।

पुलिस ने आगे बताया कि सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और दरवाजा तोड़कर दोनों की लाशों को बरामद किया गया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वैसे, पुलिस को आशंका है कि किसी बात पर दंपति में कहासुनी हुई होगी और पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया है और वह आगे की जांच-पड़ताल कर रही है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article