क्राइम

MP Bulldozer: फ्रिज में मिला था गोमांस, पुलिस ने 11 लोगों के घरों पर चला दिया बुलडोजर; 150 गायों को भी प्रशासन ने बचाया

MP Bulldozer: मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल मंडला में अवैध गोमांस व्यापार के खिलाफ कार्रवाई के तहत 11 लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर बनाए गए घरों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया।

Image

मध्यप्रदेश में गोमांस खाने वालों के घरों पर चला बुल्डोजर (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

MP Bulldozer: मध्य प्रदेश के मंडला में जिन 11 घरों के फ्रिज से गोमांस मिला था, उन घरों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया है। साथ ही पुलिस ने घटनास्थल से 150 गायों को भी बरामद किया है। मध्य प्रदेश पुलिस इस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

वध के लिए लाई गई थीं गायें

मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल मंडला में अवैध गोमांस व्यापार के खिलाफ कार्रवाई के तहत 11 लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर बनाए गए घरों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। मंडला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रजत सकलेचा ने पीटीआई को बताया कि कार्रवाई यह गुप्त सूचना मिलने के बाद की गई कि नैनपुर के भैसवाही इलाके में वध के लिए बड़ी संख्या में गायों को लाया गया है।

चर्बी से लेकर खाल तक बरामद

इस सूचना के बाद पुलिस का एक दल वहां पहुंचा। जहां उन्हें आरोपियों के ठिकाने के पीछे बंधी 150 गायें मिली। सभी 11 आरोपियों के घरों में रेफ्रिजरेटर से गाय का मांस बरामद किया गया। हमें जानवरों की चर्बी, खाल और हड्डियां भी मिलीं, जिन्हें एक कमरे में रखा गया था। एसपी ने कहा-"स्थानीय सरकारी पशु चिकित्सक ने पुष्टि की है कि जब्त मांस गोमांस है। हमने डीएनए विश्लेषण के लिए नमूने हैदराबाद भी भेजे हैं। 11 आरोपियों के घर ढहा दिए गए क्योंकि वे सरकारी जमीन पर थे।’’

एक आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने ने कहा कि गायों और गोमांस की बरामदगी के बाद शुक्रवार रात को एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष 10 की तलाश जारी है। सकलेचा ने कहा, "150 गायों को गोशाला भेजा गया है। भैंसवाही क्षेत्र पिछले कुछ समय से गो तस्करी का केंद्र बन गया है। मध्य प्रदेश में गोहत्या के लिए सात साल की जेल की सजा का प्रावधान है।’’

सभी आरोपी मुस्लिम

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास जुटा लिया गया है और बाकी लोगों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी मुस्लिम हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article