Madhya Pradesh: डॉक्टर ने की लिव-इन पार्टनर की हत्या, शव को पंखे से लटकाया, व्यापमं में आरोपी है डॉक्टर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 19, 2022, 06:09 PM IST

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक डॉक्टर ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी और उसे पंखे से लटका दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह व्यापमं मामले में वांछित है।

Madhya Pradesh: डॉक्टर ने की लिव-इन पार्टनर की हत्या, शव को पंखे से लटकाया, व्यापमं में आरोपी है डॉक्टर

मध्य प्रदेश में एक भीषण घटना हुई है। एक डॉक्टर ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर उसे पंखे से लटका दिया। घटना 18 जून को ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के कुम्हारपुरा मोहल्ले की है। मृतक पेशे से नर्स थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नर्स सोनम यादव उत्तर प्रदेश के इटावा की रहने वाली थी।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद डॉक्टर संजीव शर्मा फ्लैट से फरार हो गया। बाद में वह अपने फ्लैट पर लौट आया और हंगामा करने लगा। जांच के दौरान पुलिस ने मामले को संदिग्ध पाया और डॉक्टर को हिरासत में ले लिया। जांच टीम ने डॉक्टर से सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि नर्स सोनम यादव उसकी लिव-इन पार्टनर थी और दोनों का व्हाट्सएप चैट को लेकर विवाद था। जिसके बाद उसने अपना आपा खो दिया और उसकी हत्या कर दी।

मृतका नर्सिंग का कोर्स कर रही थी और उसकी संजीव से दोस्ती हो गई। संजीव अपने साथी डॉक्टरों के साथ रुद्राक्ष अस्पताल चलाते हैं। गौरतलब है कि वह व्यापमं मामले में भी वांछित है। सोनम अक्सर संजीव के क्लिनिक में आ जाया करती थी।

इस बीच स्थानीय लोगों का दावा है कि संजीव कई लड़कियों को अपने कमरे में लाता था। रुद्राक्ष अस्पताल में नर्स की ट्रेनिंग ले रही सोनम से उसकी दोस्ती हो गई थी। सोनम ने संजीव के मोबाइल पर एक और लड़की के साथ अश्लील चैट देखी थी। इसके बाद उनके बीच विवाद हो गया। जिसके बाद संजीव ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना की जानकारी नर्स के परिजनों को दी।

End of Article