देश

'कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं'...कॉकपिट में हमले के बाद भी नहीं गिरने दिया प्लेन, PM मोदी बोले- भारत को गर्व है

Flydubai Mid Air Attack Captain Smit Machchhar: दुबई-तेल अवीव उड़ान में कॉकपिट के भीतर हमले के बावजूद 180 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की पीएम मोदी ने तारीफ की है।

Image

'कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं'...कॉकपिट में हमला के बाद भी नहीं गिरने दिया प्लेन, PM मोदी बोले- भारत को गर्व है

PM Modi praises Captain Smit Machchhar: दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही 'फ्लायदुबाई' (Flydubai) की उड़ान में कॉकपिट के भीतर हुए जानलेवा हमले के बीच सैकड़ों जिंदगियों को सुरक्षित बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) की बहादुरी का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर विशेष संदेश जारी कर कैप्टन मछार के साहस और अटूट संकल्प की खुले दिल से सराहना की है।

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की सूझबूझ और जांबाजी को नमन करते हुए उन्हें 'सच्चा हीरो' करार दिया है।

'पूरे देश को उन पर गर्व है': प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर कैप्टन मच्छार की बहादुरी को नमन करते हुए लिखा, 'कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं। गंभीर खतरे का सामना करने और खुद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए अपार साहस और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी वीरता ने सैकड़ों जिंदगियों को बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने, नए सामर्थ्य और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।'

ट्रंप और नेतन्याहू ने भी बांधे तारीफों के पुल, बताई कॉकपिट की खौफनाक दास्तान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कॉकपिट में चाकू के हमले से गंभीर रूप से लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद की गुहार लगाई। ट्रंप के अनुसार, ऐसी गंभीर स्थिति में भी हिम्मत न हारना और मदद मांगना असाधारण था। सह-पायलट के इरादों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह 'शायद आतंकी था या फिर कोई सनकी'।

वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की जांबाजी को नमन करते हुए उन्हें 'सच्चा हीरो' बताया। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय पायलट ने समय रहते मुकाबला न किया होता तो एक भीषण त्रासदी हो सकती थी।

TV शो 'एयर डिजास्टर्स' देखकर यात्री ने बचाया विमान!

इस पूरे घटनाक्रम में एक बेहद दिलचस्प और हैरतअंगेज मोड़ तब आया जब कॉकपिट का दरवाजा खुलते ही एक इजरायल यात्री मदद के लिए आगे आया:

सह-पायलट को दबोचा: यात्री ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर सह-पायलट को खींचकर उसकी सीट से नीचे गिरा दिया। इसके बाद अन्य यात्रियों और केबिन क्रू ने उसे पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया।

'एयर डिजास्टर्स' शो से सीखी थी लैंडिंग की बारीकियां: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया को बताया कि जब उस यात्री से पूछा गया कि उसने यह सब कैसे किया, तो उसने बताया कि वह टीवी कार्यक्रम 'एयर डिजास्टर्स' (Air Disasters) का बड़ा प्रशंसक है और उसी शो को देखकर उसने विमान नियंत्रण की कुछ बुनियादी बातें सीखी थीं।

34,000 फीट की ऊंचाई पर क्या हुआ था?

दुबई-तेल अवीव उड़ान FZ1073 के दौरान सह-पायलट ने अचानक कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की। गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्री अंदर आ सके। इसके बाद अतिरिक्त पायलटों ने नियंत्रण संभाला और घायल कैप्टन ने सऊदी अरब के तबुक (Tabuk) हवाई अड्डे पर प्लेन की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

फिलहाल कैप्टन मच्छार का इलाज अस्पताल में जारी है। उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरलाइन 'फ्लायदुबाई' ने इजरायल से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article