क्रिकेट

35वां वनडे शतक लगाकर रोहित शर्मा ने अनोखे अंदाज में मनाई खुशी, बाद में बताया क्या था इस जश्न का मतलब- VIDEO

Rohit Sharma Reveals The Meaning Behind His Strange Century Celebration: वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 406 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 2 विकेट गंवाते हुए 43.3 ओवर में हासिल करके 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज करना भारत के लिए बाएं हाथ का खेल दिखा। इसमें कप्तान गिल (223 रन) के साथ रोहित (101 रन) का अहम योगदान रहा। अपने 35वें वनडे शतक के बाद रोहित ने अनोखा जश्न मनाया और बाद में इसके पीछे की वजह के बारे में पूछा गया तो क्या कहा, यहां जानिए।

Image

रोहित शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस तरह से शतक का जश्न क्यों मनाया (X/BCCI)

India vs West Indies 2nd ODI: टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मैच में इतने रन बने कि किसी को भरोसा नहीं हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान कैरेबियाई टीम ने तीन बल्लेबाजों के शतक के दम पर 405 रनों का पहाड़ खड़ा किया, तो जवाब में भारत ने शुभमन गिल के दोहरे शतक (नाबाद 223 रन) और रोहित शऱ्मा के शतक (101 रन) के दम पर 43.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 406 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसमें पूर्व कप्तान व ओपनर रोहित शर्मा के 35वें वनडे शतक की अहम भूमिका रही जिन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को जोरदार शुरुआत दी। शतक लगाने के बाद रोहित ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। क्या था इस जश्न का मतलब, रोहित ने खुद बताया।

रोहित शर्मा ने अपना 35वां वनडे शतक पूरा करने के बाद हल्के से उछलकर और जोश भरी आवाज निकालकर जश्न मनाया। जब सोशल मीडिया पर लोग इसके अलग-अलग मतलब निकाल रहे थे, तब रोहित ने इस पर कुछ नहीं कहा। मैच के बाद जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैं उस जश्न को अपने तक ही रखना चाहता हूं। कुछ बातें सिर्फ़ आपके अपने लिए होती हैं और उन्हें दूसरों के साथ शेयर नहीं किया जाता। इसलिए वह मेरे लिए था।" हालांकि, 'हिटमैन' ने थोड़ी सी झलक जरूर दी।

जडेजा ने दे दिया था रोहित को अजीबोगरीब आइडिया

रोहित ने बताया कि, "वो (रवींद्र जडेजा) चाहते थे कि मैं स्लाइड करूं, उछलूं और जश्न मनाऊं, लेकिन 50 ओवर तक फील्डिंग और इतनी ज्यादा बैटिंग करने के बाद, मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाला था।"

गिल के साथ पारी कैसी रही?

रोहित शर्मा ने कप्तान व प्लेयर ऑफ द मैच शुभमन गिल के साथ अपनी जबरदस्त साझेदारी के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, "पिच अच्छी थी और हम बस बैटिंग जारी रखना चाहते थे। हम स्कोरबोर्ड के बारे में नहीं सोच रहे थे। हम गेंद की मेरिट के हिसाब से खेलने की कोशिश कर रहे थे। हम एक अच्छी साझेदारी बनाने की कोशिश कर रहे थे। दूसरे छोर पर गिल शानदार खेल रहे थे। वह अपनी बैटिंग पर पूरा कंट्रोल रखे हुए थे। उन्हें नॉट आउट रहते हुए देखना भी बहुत अच्छा लगा। यह सब एकाग्रता की बात है। आपको खुद को याद दिलाते रहना होता है कि विकेट नहीं गंवाना है। मैं अपने अनुभव का इस्तेमाल करना चाहता था।"

रोहित ने अंत में कहा, "हमें पता था कि पिच अच्छी है और हमें टॉप ऑर्डर से बड़े रनों की ज़रूरत थी और ठीक वैसा ही हुआ; टॉप ऑर्डर में हमारी बहुत अच्छी साझेदारी हुई और इसने हमारे लिए मैच लगभग पक्का कर दिया।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article