गोंडा से अपहृत कारोबारी का बच्चा सकुशल बरामद, 4 करोड़ की फिरौती मांगने वाली महिला समेत 4 गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 25, 2020, 09:12 AM IST

इन दिनों उत्तर प्रदेश की पुलिस पर तमाम सवालिया निशान लग रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच गोंडा से अपह्रत एक कारोबारी के बच्चे को पुलिस ने सकुशल छुड़वा लिया है जिसके लिए चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।

गोंडा से अपहृत कारोबारी का बच्चा सकुशल बरामद, 4 करोड़ की फिरौती मांगने वाली महिला समेत 4 गिरफ्तार

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक बड़े व्यवसायी के पांच वर्षीय पौत्र के अपहरण से शुक्रवार को पूरे प्रदेश में हडकंप मच गया। इस अपहरण के बाद बदमाशों ने परिवार से चार करोड़ रुपये की रकम मांगी थी। शुक्रवार को दिनदहाड़े मास्क और सैनिटाइजर बेचने के बहाने पुलिस चौकी के पास से बच्चे को अगवा कर लिया गया था। फिरौती में महिला द्वारा चार करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इसके बाद से ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया था और बच्चे को छुड़ाने क लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।

पुलिस ने अपहरण की इस वारदात को कुछ ही घंटे बाद सुलझा लिया और चार लोगों को गिरफ्तार किया। बच्चे को छुड़ाने के दौरान पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली भी लगी है। पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ की टीम भी अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी हुई थी। इस बारे में उत्तर प्रदेश के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बच्चे को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है और पुलिस तथा एसटीएफ की टीम को एक-एक लाख रुपये देने का ऐलान किया गया है।

सकुशल बचाया

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा, 'इसके लिए शासन स्तर से सभी टीमें लगाई गईं। जो भी संसाधन बल पुलिस का था वो लगाया गया। गोड़ा के डीआईजी और एसपी की टीमें लगी हुई थीं। इसके बाद मुठभेड़ हुई जिसमें अपहरणकर्ता बच्चे को गाड़ी से कहीं और ले जाना चाह रहे थे। मुठभेड़ में अपह्रत बच्चे को सकुशल बचाया गया। दो बदमाश घायल हुए। सूरज पांडे और उनकी पत्नी शशि पांड तथा उनके छोटे भाई राज पांडे को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयोग गाड़ी अल्टो बरामद की गई है।'

पुलिस वालों को इनाम

प्रशांत कुमार ने आगे बताया, 'दो तमंचे, पिस्टल बरामद हुआ है। बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मेडिकल किया जा रहा है। इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहा है। इस षडयंत्र में जो भी लोग शामिल रहे हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे। पुलिस की तरफ से एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को एक-एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया गया है। पुलिस मीडिया की भी आभारी है। इसके अलावा हमने इस अल्प अवधि में इस केश को सुलझा लिया है।'

End of Article