पंजाब: निहंग सिखों ने तलवार से किया पुलिस पर हमला, 2 घायल, दोनों हमलावर ढेर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 21, 2021, 09:35 PM IST

Punjab News: पंजाब के तरनतारन में 2 निहंग सिखों और पुलिसकर्मियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 2 एसएचओ को चोट आई है। बाद में पुलिस ने दोनों निहंगों को गोली मारकर मौत के घोट उतार दिया।

पंजाब: निहंग सिखों ने तलवार से किया पुलिस पर हमला, 2 घायल, दोनों हमलावर ढेर
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: पंजाब के तरनतारन में रविवार को पुलिस और निहंग सिखों के बीच झड़प हुई। निहंग सिखों ने पुलिसकर्मियों पर तलवारों से हमला किया। इस हमले में 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि दोनों हमलवारों को ढेर कर दिया गया। एसपी जगजीत वालिया ने बताया, 'दोनों एसएचओ का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वे खतरे से बाहर हैं। दोनों को हाथों पर चोटें आई हैं।'

वहीं DIG तरनतारन ने बताया कि नांदेड़ साहिब (महाराष्ट्र) पुलिस ने तरनतारन पुलिस को सूचित किया कि दो निहंग सिख एक 'कारसेवक' की हत्या करने के बाद नांदेड़ साहिब भाग गए। निहंग सिखों ने पुलिस पर हमला किया, उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उन्हें गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। 

दोनों निहंगो' की पहचान मेहताब सिंह और गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। सुरसिंह गांव में उनके मोबाइल लोकेशन का पता लगने के बाद नांदेड़ पुलिस ने पंजाब में पुलिस को सतर्क किया। इसके बाद दो एसएचओ की एक टीम को उन्हें पकड़ने के लिए भेजा गया। पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों ने तलवारों से एसएचओ पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल बुलाया गया और आरोपियों और पुलिस कर्मियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें दोनों निहंगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 

दोनों घायल एसएचओ- बलविंदर सिंह और नरिंदर सिंह को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्त कराया गया है।

End of Article