यूपी से दिल्‍ली के लिए रवाना बस में महिला से दुष्‍कर्म, पीड़‍िता ने हेल्‍पलाइन नंबर पर फोन कर दी जानकारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2020, 07:52 AM IST

Crime news: यूपी से दिल्‍ली आ रही एक निजी बस में महिला से दुष्‍कर्म की वारदात सामने आई है। आरोपी को न्‍यायिक हिरासत में भेजा गया है।

यूपी से दिल्‍ली के लिए रवाना बस में महिला से दुष्‍कर्म, पीड़‍िता ने हेल्‍पलाइन नंबर पर फोन कर दी जानकारी
Photo Credit: BCCL

मथुरा : उत्‍तर प्रदेश से दिल्‍ली आ रही एक बस में महिला के साथ दुष्‍कर्म की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महिला ने हेल्‍पलाइन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने बस रुकवाई और आरोपी बस क्‍लीनर को हिरासत में ले लिया, जबकि महिला को पूछताछ और मेडिकल जांच के बाद दिल्‍ली में उसके घर पहुंचाया गया।

यह घटना यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई बताई जा रही है। महिला ने शनिवार को पुलिस में शिकायत देकर कहा है कि वह निजी बस से अपने घर लौट रही थी, जब बस के स्‍टाफ ने उसके साथ जबरदस्‍ती की।

पीड़‍िता ने हेल्‍पलाइन नंबर पर किया फोन

पुलिस के मुताबिक, बस लखनऊ से आ रही थी। जब यह मथुरा में मंत टोल प्लाजा पर पहुंची, तब महिला ने हेल्‍पलाइन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने रास्‍ते से गुजर रही बस रुकवाई और महिला तथा आरोपी को बस से उतारकर पूरी बस की जांच की। बाद में बस को दिल्‍ली रवाना कर दिया गया।

इस बीच पुलिस ने बस के अन्‍य स्‍टाफ से भी इस बारे में पूछताछ की, आरोपी क्‍लीनर को हिरासत में ले लिया। महिला की मेडिकल जांच करवाई गई और शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस की देखरेख में उसे दिल्‍ली में उसके घर पहुंचाया गया। आरोपी बस क्‍लीनर यूपी में बहराइच जिले का बताया जा रहा है। उसे न्‍यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

End of Article