महीनों से लड़की का पीछा कर रहा था मनचला, पिता ने जड़ा थप्पड़, फिर इस तरह लिया बदला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 13, 2021, 09:10 PM IST

दिल्ली के मोती बाग में एक शख्स ने एक नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके अगले दिन लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है।

महीनों से लड़की का पीछा कर रहा था मनचला, पिता ने जड़ा थप्पड़, फिर इस तरह लिया बदला

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के मोती बाग इलाके में एक 21 साल के लड़के ने कथित तौर पर एक 16 साल की लड़की पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके एक दिन बाद मंगलवार को लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि आरोपी प्रवीण महीनों से लड़की का पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। उन्होंने कहा कि हमले के बाद वह भाग गया और उसे हरियाणा में गिरफ्तार कर लिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'लड़की परेशान थी, उसने उससे बात करने से इनकार कर दिया था और इस बारे में अपने पिता से भी शिकायत की थी। पिछले महीने लड़की के पिता का प्रवीण से आमना-सामना हुआ और उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया। प्रवीण इस घटना से नाराज हो गया और पिता-पुत्री से बदला लेना चाहता था।' 

सोमवार की दोपहर को किया हमला

लड़की अपने परिवार के साथ मोती बाग के जेजे क्लस्टर में रहती थी और आरोपी उसके घर के पास शास्त्री पार्क में रहता है। डीसीपी (दक्षिण पश्चिम) इंजीत प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी ने बदला लेने के लिए पिछले महीने आरके पुरम से एक कुल्हाड़ी खरीदी थी। सोमवार दोपहर करीब 1.20 बजे लड़की अपने घर की ओर जा रही थी तभी आरोपी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसके माथे पर चोट लगी और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया और लड़की को सफदरजंग अस्पताल ले गए। अस्पताल के डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि उसके सिर पर चोट का निशान गहरा था। उसका ऑपरेशन हुआ लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि वे लड़की का बयान नहीं ले सके और स्थानीय लोगों और लड़की के पिता की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। घटना के बाद, प्रवीण मौके से भाग गया और अपने घर के पास या इलाके में नहीं मिला। 

End of Article