Agra Muslim Family: ताजनगरी आगरा से एक दरिंदगी भरी घटना सामने आई है। आगरा के ट्रांस यमुना पुलिस स्टेशन इलाके में मंगलवार शाम चार लोगों ने कथित तौर पर एक मुस्लिम परिवार के घर में घुसकर 18 वर्षीय लड़की के साथ यौन उत्पीड़न किया है। आरोप है कि जब परिवार के अन्य सदस्यों ने हमलावरों का विरोध करने की कोशिश की तो उन पर भी हमला किया गया।
आगरा पुलिस ने क्या कहा
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार इस घटना को लेकर पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय ने कहा- "चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।"
ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले घर के मालिक ने बताया- "आरोपियों ने मेरी किशोर बेटी को निशाना बनाया। उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। जब हमने विरोध किया, तो चार लोग, जिनमें विशाल कुमार, संजय कुमार, शीलू और छोटू ने हम पर हमला किया। कुछ अन्य लोग हमारे घर के बाहर खड़े थे।"
घर पर पथराव
मिली जानकारी के अनसुार सभी हमलावर 20 से 30 साल की उम्र के हैं। पीड़ित परिवार ने कहा कि बदमाशों ने उनके घर में तोड़फोड़ की और घर पर पथराव भी किया। परिवार ने कहा- "मेरी बेटी के सिर में ईंट से वार किया गया और वह बेहोश हो गई। मेरे दो बेटों को भी चोटें आईं। हमारे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।"
भाई ने क्या कहा
लड़की के भाई ने कहा कि जब पड़ोसी उनके घर के बाहर इकट्ठा हुए तो हमलावर भाग गए, लेकिन जाते जाते जान से मारने की धमकी दे गए हैं। आरोपी 30 मिनट तक वहां रहे, लेकिन उस दौरान वहां कोई उन्हें बचाने नहीं आया।
