क्रिकेट

दोहरा शतक जड़ने वाले ब्रूक के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड, बने ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में 202 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। लेकिन यह पारी भी उनकी टीम को जीत नहीं दिला पाई जिसका नतीजा यह हुआ कि ब्रूक के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया।

Image

हैरी ब्रूक (साभार-ICC)

श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज के मुकाबले में भले ही इंग्लैंड को 429 रन बनाकर भी हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक की पारी लंबे वक्त तक याद रखी जाएगी। सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाले ब्रूक के नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया जो शायद ही फैंस भूल पाएंगे। इस मुकाबले में हैरी ब्रूक ने 116 गेंद में 21 चौके और 10 छक्के की मदद से 202 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी के साथ ही उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। वह पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए जिन्होंने दोहरा शतक जड़ा और उनकी टीम हार गई।

हारी हुई टीम के लिए सबसे बड़ी पारी

हारी हुई टीम के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम था। जिम्बाब्वे के चार्ल्स कॉवेंट्री ने 17 साल पहले यानी 2009 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 194 रन की पारी खेली थी। इस मुकाबल में जिम्बाब्वे को हार का सामना करना पड़ा था। हारी हुई टीम के लिए यही सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड था, लेकिन अब हैरी ब्रूक ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब ब्रूक ना केवल हारी हुई टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, बल्कि वह हारी हुई टीम के लिए पहला दोहरा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए।

202: हैरी ब्रूक बनाम SL (रावलपिंडी, 2026)

194*: चार्ल्स कोवेंट्री बनाम BAN (बुलावायो, 2009)

193: फखर जमान बनाम दक्षिण अफ्रीका (जोबर्ग, 2021)

191: जॉर्ज मुनसे बनाम NED (डंडी, 2025)

181*: मैथ्यू हेडन बनाम NZ (हैमिल्टन, 2007)

मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हैरी ब्रूक के 202 और विल जैक्स के 30 गेंद में विस्फोटक 66 रन की पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 429 रन का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया, लेकिन बैटिंग फ्रेंडली इस पिच पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले को 2 विकेट से अपने नाम कर लिया। श्रीलंका की ओर से पवन रत्नायके ने 130, अविष्का फर्नांडो और दसुन शनाका ने 97-97 रन की पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article