शहर

बिहार में आसमान से गिरा संदिग्ध 'मेड इन कोरिया' वाला डिवाइस, गांव में मचा कौतूहल, जांच में जुटी पुलिस

बिहार के समस्तीपुर में एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गिरने से गांव में लोगों में कौतूहल है। उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा होने को लेकर पुलिस जांच करने में जुटी है।

Image

समस्तीपुर में आसमान से गिरा संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (फोटो-Twitter)

बिहार के समस्तीपुर जिले में आसमान से एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गिरने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसके मौसम संबंधी आंकड़े जुटाने वाले रेडियोसॉन्डे होने की आशंका जताई है। हालांकि, उपकरण की वास्तविक पहचान और उसके स्रोत की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर बम्बैया गांव के वार्ड संख्या-4 स्थित बेलसंडी डीह का है। जानकारी के अनुसार, देर शाम एक जलती हुई डिजिटल लाइट के साथ अज्ञात इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंशीधर मिश्र के दरवाजे पर आ गिरा। उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा होने के कारण ग्रामीणों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

गुब्बारा फटने के बाद जमीन पर गिरा उपकरण

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उपकरण को अपने कब्जे में ले लिया। दरोगा अरसद इमाम अंसारी ने शुरुआती तौर पर आशंका जताई कि यह भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से संबंधित रेडियोसॉन्डे हो सकता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसके साथ लगा गुब्बारा फटने के बाद उपकरण जमीन पर गिरा होगा।

रेडियोसॉन्डे एक वैज्ञानिक उपकरण है, जिसे आमतौर पर गैस से भरे मौसम संबंधी गुब्बारे के साथ वायुमंडल में छोड़ा जाता है। यह तापमान, वायुदाब और आर्द्रता जैसे महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र करता है। इससे प्राप्त जानकारी मौसम के पूर्वानुमान को बेहतर बनाने में मदद करती है।

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उपकरण में बैटरी लगी हुई है और फिलहाल किसी खतरे की आशंका नहीं जताई गई है। हालांकि, उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा होने मात्र से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि इसे किस देश या संस्था ने छोड़ा था। फिलहाल, उपकरण पुलिस के कब्जे में है और इसकी वास्तविक पहचान, इस्तेमाल तथा स्रोत को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह उपकरण कहां से आया और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा था।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article