New Delhi: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में शुक्रवार शाम एक जिम (Gym) मालिक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या (Murder) कर दी गई। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के मुताबिक, घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। मृतक की पहचान महेंद्र अग्रवाल के रूप में हुई है। हमलावरों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक महेंद्र अग्रवाल एनर्जी जिम और स्पा नाम से राजधानी में कई सेंटर संचालित करते हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पूर्व पुलिस उपायुक्त अमृता गुगुलोथ ने कहा, 'प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे महिंदर नाम के एक जिम मालिक की प्रीत विहार में उनके कार्यालय के अंदर किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की जांच की जा रही है।' खबर के मुताबिक महेंद्र का प्रीत विहार के विकास मार्ग पर एनर्जी जिम और स्पा का मुख्यालय हैं और वह जिम के उपकरणों का कारोबार भी करते हैं।ऑफिस में घुसकर की हत्या
शुक्रवार देर शाम महेंद्र अपने दफ्तर में बैठ थे कि इसी दौरान हथियारबंद तीन बदमाशों ने ऑफिस में एंट्री की और एक ने दनादन महेंद्र पर गोली फायर कर दी। इसमें से एक गोली उनके सिर पर लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मर्डर करने के बाद बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर फुटेज भी अपने साथ लेकर फरार हो गए। इस बीच पुलिस इलाके की सभी सीसीटीवी की जांच कर रही है और पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर हत्या का कारण क्या रहा, क्या कोई निजी रंजिश का मामला तो नहीं है?
