दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर जसोला विहार से बॉटनिकल गार्डन तक मेट्रो सर्विस कुछ समय तक बाधित रही। दो स्टेशनों के बीच मेट्रो ट्रेन सर्विस को बंद करना पड़ा। क्योंकि शाहीन बाग के पास ट्रैक पर एक ड्रोन गिर गया था। यह ड्रोन मेडिकल सामान लेकर जा रहा था सुरक्षा कारणों से जसोला विहार शाहीन बाग और बॉटेनिकल गार्डन के बीच सर्विस को एक घंटे तक बंद रखा गया।
मैजेंटा लाइन पर जसोला विहार शाहीन बाग से बॉटनिकल गार्डन के बीच अब सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कहा था कि सुरक्षा कारणों से सेवाओं को पहले करीब एक घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया था। "मैजेंटा लाइन अपडेट ... सुरक्षा कारणों से जसोला विहार शाहीन बाग से बॉटनिकल गार्डन के बीच सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं.' DMRC ने दोपहर करीब 2:50 बजे ट्वीट किया। बाद में, एक अन्य ट्वीट में, इसने कहा कि सामान्य सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।
एचटी के मुताबिक दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने कहा कि ड्रोन कथित तौर पर नोएडा की एक कंपनी का है, जो दवाओं की आपूर्ति करती है। कंपनी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है कि क्या उनके पास दवा रेगुलेटर की अनुमति है। पुलिस उपायुक्त मेट्रो जितेंद्र मणि ने कहा कि हम उनके दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं कि डीजीसीए से अनुमति है या नहीं। हम इसकी जांच कर रहे हैं और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमें दोपहर करीब 2.35 बजे फोन आया कि जसोला विहार के पास मेट्रो ट्रैक पर एक ड्रोन मिला है। पुलिस, डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची तो वहां दवा का एक पैकेट मिला। ड्रोन नोएडा की एक कंपनी का है, जो इसके जरिए दवाओं की सप्लाई करती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
