कप्तान बने, 99 रन बनाए, 'मैन ऑफ द मैच' बने..लेकिन फिर भी हारे तो क्या कुछ बोले मयंक अग्रवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 3, 2021, 07:10 AM IST

Punjab Kings captain Mayank Agarwal on loss against Delhi Capitals: केएल राहुल की गैरमौजूदगी में कप्तानी करते हुए शानदार पारी खेली, फिर भी टीम हारी तो मयंक अग्रवाल के चेहरे पर मायूसी साफ दिखी।

कप्तान बने, 99 रन बनाए, 'मैन ऑफ द मैच' बने..लेकिन फिर भी हारे तो क्या कुछ बोले मयंक अग्रवाल

दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच रविवार रात खेले गए मुकाबले में दिल्ली की टीम को 7 विकेट से बड़ी जीत मिली। इस मैच में पंजाब किंग्स के नियमित कप्तान केएल राहुल मौजूद नहीं थे क्योंकि उनको पेट में समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है और अब उनकी सर्जरी भी होगी। जब तक वो नहीं लौटते, तब तक के लिए मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) को पंजाब किंग्स का कप्तान बनाया गया। कप्तान के रूप में पहले ही मुकाबले में मयंक ने अपना दम दिखा दिया, पूरे मैच में उनके लिए सब कुछ अच्छा हुआ लेकिन अंत में हार मिली तो मायूसी चेहरे पर साफ दिखी।

मैच में पंजाब किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और बाकी बल्लेबाजों के फ्लॉप प्रदर्शन के बावजूद पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 166 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। इसकी वजह बने कप्तान व ओपनर मयंक अग्रवाल जिन्होंने 58 गेंदों में नाबाद 99 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। हालांकि उनकी टीम के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और दिल्ली कैपिटल्स शिखर धवन (नाबाद 69) व कुछ अन्य पारियों के दम पर 17.4 ओवर में ही 7 विकेट से जीत गई।

पंजाब को हार तो मिली लेकिन सभी उनकी पारी से इतना प्रभावित हुए कि उनको ही 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। कप्तान के रूप में पहले ही मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब मिलना और फिर भी हारने के बाद मयंक अग्रवाल बोले, ‘‘हम इस मैच में दो अंक हासिल करते तो अच्छा रहता लेकिन हमने लगभग 10 रन कम बनाये और फिर उन्होंने पावरप्ले में जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे हम पिछड़ गये।’’

अपनी बल्लेबाजी के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘किसी एक बल्लेबाज को आखिर तक टिके रहना था और यही मेरी रणनीति थी। आज मेरा दिन था और मैंने यह जिम्मेदारी संभाली। दुर्भाग्य से हम बीच के ओवरों में अधिक रन नहीं बना पाये। हमें अब अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान देना होगा।’’ राहुल के बारे में अग्रवाल ने कहा, ‘‘केएल राहुल सर्जरी के लिये गया है और उम्मीद है कि वो वापसी करेगा।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!