शहर

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर सस्पेंस बरकरार, आराधना मिश्रा 'मोना' बोलीं- आखिरी फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व करेगा। वहीं, रायबरेली और अमेठी को लेकर उन्होंने गांधी परिवार के पुराने और पारिवारिक जुड़ाव का हवाला देते हुए अपना रुख स्पष्ट किया।

Image

कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' (फाइल फोटो- PTI)

Photo : PTI

Lucknow News: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन केवल उत्तर प्रदेश के लिए बनाया गया गठबंधन नहीं है, बल्कि इसका गठन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ था। ऐसे में यूपी में सीटों के बंटवारे और गठबंधन से जुड़े अहम फैसले दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से लिए जाएंगे।

कांग्रेस की ओर से 150 सीटों की मांग

आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा और गठबंधन को लेकर फैसला किस समय किया जाएगा, यह पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं, उनकी उम्मीदों और संगठन के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेगा। सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की ओर से 150 सीटों की मांग की चर्चा के बीच उनके बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रायबरेली और अमेठी सीट पर कहा ये

वहीं, राहुल गांधी की रायबरेली लोकसभा सीट और गांधी परिवार के पारंपरिक जुड़ाव को लेकर भी आराधना मिश्रा ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी गांधी परिवार के लिए केवल चुनावी क्षेत्र नहीं हैं, बल्कि इन दोनों क्षेत्रों से परिवार का लंबे समय से भावनात्मक और पारिवारिक रिश्ता रहा है।

गांधी परिवार ने पीढ़ियों से किया अमेठी-रायबरेली के लोगों का प्रतिनिधित्व

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने पीढ़ियों से अमेठी और रायबरेली के लोगों का प्रतिनिधित्व किया है और यहां के लोगों के साथ उनका पारिवारिक संबंध रहा है। आराधना मिश्रा के मुताबिक, परिवार से जुड़े ऐसे मामलों में किसी बाहरी सहमति या असहमति की आवश्यकता नहीं होती। सीट बंटवारे और रायबरेली को लेकर उनके बयान ऐसे समय आए हैं, जब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में सपा-कांग्रेस संबंधों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।
Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article