केएल राहुल का फिर चला मुंबई इंडियन्स के खिलाफ बल्ला, 100वें मैच में जड़ा धमाकेदार सैकड़ा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 16, 2022, 06:03 PM IST

KL Rahul Century vs Mumbai Indians:आईपीएल 2022 में टीम बदलने के बाद भी केएल राहुल की बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदला है कप्तानी उन्हें फिर रास आ रही है औप उन्होंने शनिवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपने 100वें मैच में नाबाद सैकड़ा जड़ दिया।

केएल राहुल का फिर चला मुंबई इंडियन्स के खिलाफ बल्ला, 100वें मैच में जड़ा धमाकेदार सैकड़ा

मुंबई: आईपीएल 2022 में शनिवार को ब्रेबोन स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान के एल राहुल ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ धमाकेदार सैकड़ा जड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया। कप्तान कएल राहुल ने 60 गेंद में नाबाद 103 रन की पारी खेली और इस दौरान 9 चौके और 5 छक्के जड़े। राहुल ने ये उपलब्धि आईपीएल में अपना 100वां मैच खेलते हुए हासिल की और इस मुकाबले को यादगार बना लिया। 

आईपीएल में तीसरा और मुंबई के खिलाफ दूसरा शतक 
केएल राहुल का आईपीएल में बतौर कप्तान यह दूसरा और कुल तीसरा शतक है। अपने तीन शतकों में से राहुल ने दो मुंबई इंडियन्स के खिलाफ जड़े हैं। शनिवार को केएल राहुल पारी की शुरुआत से अंत तक आउट नहीं हुए उन्होंने 33 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 56 गेंद में उन्होंने अपना तीसरा आईपीएल शतक 56 गेंद में 9 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 

आईपीएल में सबसे ज्यादा कप्तानी शतक 
राहुल आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में क्रिस गेल(6), विराट कोहली(5), डेविड वॉर्नर(4), शेन वॉटसन(4) के बाद केएल राहुल चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। संजू सैमसन ने भी आईपीएल में अबतक तीन शतक जड़े हैं। वहीं बतौर कप्तान राहुल सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में विराट कोहली(5) के बाद केएल राहुल(2) दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। 

मुंबई के खिलाफ खेली सातवीं 50+ पारी 
केएल राहुल का मुंबई इंडियन्स के खिलाफ बल्ला जमकर चलता है। राहुल सुरेश रैना के बाद मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा 50 रन से ज्यादा की पारियां खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। दोनों के नाम ऐसी 7-7 पारियां दर्ज हो गई हैं। केएल राहुल ने 14 पारियों में मुंबई के खिलाफ ये मुकाम हासिल किया है जिसमें दो सैकड़े भी शामिल हैं। जबकि सुरेश रैना 34 आईपीएल पारियों में 7 बार मुंबई इंडियन्स के खिलाफ पचास रन के आंकड़े को पार कर सके।

तीन नाबाद शतक जड़ने वाले पहले भारतीय 
केएल राहुल आईपीएल इतिहास में तीन नाबाद शतक जड़ने वाले एकलौते भारतीय हैं। राहुल ने साल 2019 में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ नाबाद 100* खेलकर आईपीएल में पहला शतक जड़ा था। इसके बाद उन्होंने आरसीबी के खिलाफ साल 2020 में दुबई में 132* रन की पारी खेली थी। और एक बार फिर मुंबई इंडियन्स के खिलाफ साल 2022 में नाबाद 103* रन की पारी खेली है। तीनों बार सैकड़ा पूरा करने के बाद वो नाबाद पवेलियन लौटे हैं।  







End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!