Jhye Richardson: चोट ने तोड़ा था विश्‍व कप का सपना, IPL नीलामी ने बना दिया करोड़पति सुपरहीरो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 18, 2021, 05:14 PM IST

Jhye Richardson: ऑस्‍ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जाय रिचर्डसन ने बिग बैश लीग 2021 सीजन में पर्थ स्‍कॉर्चर्स के लिए खेलते हुए 29 विकेट चटकाए थे। जाय रिचर्डसन की बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपए थी।

Jhye Richardson: चोट ने तोड़ा था विश्‍व कप का सपना, IPL नीलामी ने बना दिया करोड़पति सुपरहीरो

चेन्‍नई: ऑस्‍ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज जाय रिचर्डसन की आईपीएल में धमाकेदार एंट्री हुई है। जाय रिचर्डसन को गुरुवार को चेन्‍नई में हुई आईपीएल 2021 नीलामी में पंजाब किंग्‍स ने 14 करोड़ रुपए की मोटी रकम पर खरीदा है। कंगारू तेज गेंदबाज की बेस प्राइस डेढ़ करोड़ रुपए थी। जाय रिचर्डसन का हाल ही में बिग बैश लीग सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन रहा था। रिचर्डसन ने पर्थ स्‍कॉर्चर्स का प्रतिनिधित्‍व करते हुए 16.43 की औसत से 29 विकेट चटकाए थे।

फैंस ने उम्‍मीद जताई थी कि जाय रिचर्डसन को मुंबई इंडियंस या फिर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में से कोई एक खरीदेगा। आरसीबी ने युवा तेज गेंदबाज को खरीदने के लिए अपना जोर भी लगाया, लेकिन आईपीएल 2021 नीलामी में सबसे बड़ा पर्स लेकर आने वाली पंजाब किंग्‍स ने रिचर्डसन को खरीदने में सफलता हासिल की। बता दें कि जाय रिचर्डसन ने अब तक दो टेस्‍ट, 13 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में ऑस्‍ट्रेलिया का प्रतिनिधित्‍व किया है। रिचर्डसन ने टेस्‍ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में क्रमश: 6, 24 और 9 विकेट चटकाए हैं।

टूटा था विश्‍व कप खेलने का सपना

जाय रिचर्डसन ने 2017 में सुर्खियां हासिल की थी, जब उन्‍होंने ऑस्‍ट्रेलिया की राष्‍ट्रीय टीम में एंट्री की थी। जाय रिचर्डसन को भविष्‍य का सुपरस्‍टार माना जा रहा था। कंगारू तेज गेंदबाज ने टीम इंडिया के खिलाफ वनडे में कुछ दमदार प्रदर्शन भी किए थे और यह तय माना जा रहा था कि 2019 विश्‍व कप में शिरकत करेंगे।

हालांकि, जाय रिचर्डसन को भाग्‍य का सहारा नहीं मिला। पाकिस्‍तान के खिलाफ मुकाबले के दौरान जाय रिचर्डसन का कंधा डिसलोकेट हो गया था। इसके बाद वह फिट नहीं हो पाए और भावुक होते हुए उन्‍हें विश्‍व कप से अपना नाम वापस लेना पड़ा। बहरहाल, जाय रिचर्डसन ने इस गम को भुलाया और मैदान पर लौटने के बाद दमदार वापसी की। इसके बाद आईपीएल नीलामी ने युवा क्रिकेटर को तोहफा दिया और करोड़पति सुपरहीरो बना दिया।

जाय रिचर्डसन का टी20 करियर

  • मैच - 62
  • विकेट - 78
  • सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन - 19/4
  • औसत - 22.85
  • इकॉनोमी - 7.87
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!