IND vs SA, 3rd Test Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने तीसरा टेस्ट 7 विकेट से जीतकर सीरीज पर किया कब्जा, भारत इतिहास रचने से चूका
India vs South Africa 3rd Test Day 4 Match Updates: दक्षिण अफ्रीका ने शुक्रवार को तीसरे व अंतिम टेस्ट के चौथे दिन भारत को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारतीय टीम पहली बार दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने से फिर चूक गई।
India vs South Africa 3rd Day-4 Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने अपने अनुशासित और उत्कृष्ट प्रदर्शन से दुनिया की नंबर एक टीम भारत का 'अंतिम किला फतह' करने का सपना दुस्वप्न में बदलकर तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में चौथे दिन शुक्रवार को यहां सात विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज 2-1 से अपने नाम की। दक्षिण अफ्रीका के सामने 212 रन का लक्ष्य था जो उसने तीन विकेट खोकर हासिल किया। इसमें कीगन पीटरसन (113) गेंदों पर 82 रन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उन्होंने तीसरे दिन कप्तान डीन एल्गर (30) के साथ 78 रन की साझेदारी करके मजबूत नींव रखी थी।
पीटरसन ने चौथे दिन सुबह रॉसी वान डर डुसेन (नाबाद 41) के साथ 52 रन जोड़कर भारत की उम्मीदों पर पानी फेरा। रही सही कसर वान डर डुसेन और तेम्बा वावुमा (नाबाद 32) के बीच 57 रन की अटूट साझेदारी ने पूरी कर दी। भारत के पास दक्षिण अफ्रीका में पहली बार सीरीज जीतने का बेहतरीन मौका था। उसने सेंचुरियन में पहला टेस्ट मैच 113 रन से जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन जोहानसबर्ग में दूसरा मैच सात विकेट से हार गया था। इस तरह से भारत ने सातवीं बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज गंवायी। इस बीच उसने एक बार 2010-11 में सीरीज 1-1 से बराबर की थी।
भारत इतिहास नहीं रच पाया
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को उसकी धरती पर हराने के बाद भारत को दक्षिण अफ्रीका में अंतिम किला फतह करना था, लेकिन उसे उसके 'मजबूत बल्लेबाजी क्रम' ने नीचा दिखाया। भारत ने पहली पारी 223 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को 210 रन पर रोक दिया, लेकिन ऋषभ पंत के नाबाद 100 रन के बावजूद वह दूसरी पारी में 198 रन ही बना सका। इससे गेंदबाजों के सामने बचाव के लिये बड़ा स्कोर नहीं था। यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत खेली गयी थी जिसमें प्रतिशत अंकों के आधार पर भारत पांचवें स्थान पर खिसक गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
पीटरसन और वान डर डुसेन ने सुबह के सत्र में अच्छी बल्लेबाजी करके दक्षिण अफ्रीका के लिये काम आसान किया। पीटरसन ने अपनी पारी में 10 चौके लगाये जबकि वान डर डुसेन ने संयम की प्रतिमूर्ति बनकर क्रीज संभाले रखी। उन्होंने 95 गेंदों का सामना किया। बावुमा ने अपनी फार्म बरकरार रखी और कुछ करारे शॉट जमाये। उन्होंने अपनी 58 गेंद की पारी में पांच चौके लगाये जिसमें रविचंद्रन अश्विन पर लगाया गया विजयी चौका भी शामिल है।
शार्दुल ठाकुर ले पाए विकेट
चेतेश्वर पुजारा ने इस बीच पीटरसन का स्लिप में आसान कैच छोड़ा जिससे भारत की परेशानियां बढ़ी। तब बल्लेबाज 59 रन पर था और इसके बाद उन्होंने कुछ चौके जड़कर भारतीयों पर दबाव बनाया। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के पहले स्पेल को खेलना चुनौती थी लेकिन पीटरसन और वान डर डुसेन ने कुछ बेहतरीन गेंदों का सामना करने के बावजूद क्रीज संभाले रखी।
इनका पहला स्पेल निकल जाने के बाद उन्होंने उमेश यादव को निशाने पर रखा तथा ऑफ साइड में कुछ खूबसूरत चौके लगाये। इस कारण विराट कोहली ने क्षेत्ररक्षण छितरा दिया जिससे बल्लेबाजों को एक दो रन लेने में आसानी हुई। वह शार्दुल ठाकुर थे जिनकी अंदर आती गेंद पीटरसन के बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगकर विकेटों में समा गयी। इसके बाद हालांकि वान डर डुसेन और तेम्बा वावुमा ने भारतीयों को कोई मौका नहीं दिया।
पीटरसन दक्षिण अफ्रीका की जीत के नायक रहे। उनके पास तकनीकी के साथ आवश्यक धैर्य भी है जो शीर्ष स्तर की क्रिकेट के लिये जरूरी होता है। दोनों टीम के बीच अब 19 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट और सीरीज अपने नाम की
दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीसरे व अंतिम टेस्ट मैच में शुक्रवार को यहां चौथे दिन ही सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीती। दक्षिण अफ्रीका के सामने 212 रन का लक्ष्य था, जो उसने तीन विकेट खोकर हासिल किया। उसकी तरफ से कीगन पीटरसन ने सर्वाधिक 82 रन बनाये। भारत ने सेंचुरियन में पहला टेस्ट मैच 113 रन से जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन वह जोहानसबर्ग में दूसरा मैच सात विकेट से हार गया था। इस तरह से भारत ने सातवीं बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज गंवायी। दोनों टीम के बीच अब 19 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
तेजी से रन बना रहे हैं अफ्रीकी बल्लेबाज
दक्षिण अफ्रीका की टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई है। 59 ओवर में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 190/3 हो गया है। रासी वान डर डुसैन 31* और टेंबा बावुमा 21* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 190/3 (59 ओवर), जीत के लिए चाहिए 22 रन (लक्ष्य 212)
दूसरे सेशन का खेल शुरू
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथे दिन के दूसरे सेशन का खेल शुरू हो चुका है। रविचंद्रन अश्विन के ओवर में प्रोटियाज बल्लेबाजों ने 6 रन बटोरे। 56 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 177/3। रासी वान डर डुसैन 28* और टेंबा बावुमा 12* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 177/3 (56 ओवर), जीत के लिए चाहिए 35 रन (लक्ष्य 212)
जीत के करीब दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका की टीम धीरे-धीरे अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर है। भारतीय गेंदबाज केवल एक विकेट लेने में कामयाब हुए हैं। 55 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 171/3। रासी वान डर डुसैन 22* और टेंबा बावुमा 12* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 171/3 (55 ओवर), जीत के लिए चाहिए 41 रन (लक्ष्य 212)
डुसैन-बावुमा पर बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय गेंदबाज अब तक केवल एक विकेट लेने में सफल हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका जीत से अब केवल 46 रन दूर रह गई है। 52 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 166/3। टेंबा बावुमा 10* और रासी वान डर डुसैन 19* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 166/3 (52 ओवर), जीत के लिए चाहिए 46 रन (लक्ष्य 212)
शार्दुल ठाकुर ने पीटरसन को बनाया शिकार
भारत को आखिरकार विकेट मिला। शार्दुल ठाकुर ने 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर पीटरसन को अपना शिकार बनाया। ठाकुर ने ऑफ स्टंप लाइन पर लेंथ गेंद डाली, पीटरसन खेलने गए और उनके बल्ले का अंदरूनी हिस्सा लगकर गेंद स्टंप पर जा लगी। कीगन पीटरसन ने 113 गेंदों में 10 चौके की मदद से 82 रन बनाए। 47 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 155/3। टेंबा बावुमा 0* और रासी वान डर डुसैन 18* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 155/3 (47 ओवर), जीत के लिए चाहिए 57 रन (लक्ष्य 212)
दक्षिण अफ्रीका जीत से 57 रन दूर
दक्षिण अफ्रीका धीरे-धीरे जीत के करीब पहुंच रही है। कीगन पीटरसन और रासी वान डर डुसैन दोनों के बीच 54 रन की साझेदारी हो गई है। 46 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 155/2। रासी वान डर डुसैन 18* और कीगन पीटरसन 82* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 155/2 (46 ओवर), जीत के लिए चाहिए 57 रन (लक्ष्य 212)
भारतीय गेंदबाजों के हौसले पस्त
कीगन पीटरसन और रासी वान डर डुसैन की जोड़ी के सामने भारतीय गेंदबाज पस्त नजर आ रहे हैं। 44 ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट खोकर 154 रन बना लिए हैं। कीगन पीटरसन 82* और रासी वान डर डुसैन 17* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 154/2 (44 ओवर), जीत के लिए चाहिए 58 रन (लक्ष्य 212)
पीटरसन-डुसैन के बीच साझेदारी पनपते हुए
कीगन पीटरसन और रासी वान डर डुसैन के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। 41 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 138/2। कीगन पीटरसन 67* और रासी वान डर डुसैन 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 138/2 (41 ओवर), जीत के लिए चाहिए 74 रन (लक्ष्य 212)
बुमराह-शमी की जोड़ी बेअसर
जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की जोड़ी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पा रही है। 37 ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट खोकर 120 रन बना लिए हैं। कीगन पीटरसन 53* और रासी वान डर डुसैन 12* रन बनाकर जमे हुए हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 120/2 (37 ओवर), जीत के लिए चाहिए 92 रन (लक्ष्य 212)
पीटरसन-डुसैन क्रीज पर जमे
टीम इंडिया विकेट की तलाश में जुटी है जबकि दक्षिण अफ्रीका लक्ष्य को पाने के करीब पहुंचती जा रही है। 34 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 114/2। कीगन पीटरसन 52* और रासी वान डर डुसैन 7* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 114/2 (34 ओवर), जीत के लिए चाहिए 98 रन (लक्ष्य 212)
पीटरसन ने पूरा किया अर्धशतक
कीगन पीटरसन ने मोहम्मद शमी द्वारा किए पारी के 31वें ओवर की चौथी गेंद पर दो रन लेकर अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। 31 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 103/2। कीगन पीटरसन 50* और रासी वान डर डुसैन 0* रन बनाकर खेल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 109 रन चाहिए जबकि उसके 8 विकेट शेष हैं।
IND vs SA Live Score: South Africa 103/2 (31 ओवर), जीत के लिए चाहिए 109 रन (लक्ष्य 212)
बस कुछ देर में शुरू होगा मैच का एक्शन
आज मैच में नतीजा निकलना तय
दो खिलाड़ियों को बाहर करने की मांग
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत के दो अनुभवी बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से काफी निराश किया है। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने दोनों को टीम से बाहर करने की मांग की है।
गंभीर ने कोहली पर निकाली भड़ास
गौतम गंभीर ने स्टंप माइक पर निकाली भड़ास के लिए विराट कोहली को अपरिपक्व करार दिया। डीन एल्गर को डीआरएस में जीवनदान मिलने के बाद कोहली के रिएक्शन की जमकर आलोचना हो रही है।
'Immature', "विराट कोहली ऐसा करके कभी युवाओं के आदर्श नहीं बन सकते", गौतम गंभीर ने जमकर निकाली भड़ास
कोहली को मिले कड़ी सजा
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज डैरिल कलिनन चाहते हैं कि डीन एल्गर के डीआरएस मामले में विराट कोहली को उनके बर्ताव की सजा मिलनी चाहिए।

