Weekend Side Business: आज के समय में नौकरी के साथ अतिरिक्त कमाई का जरिया तलाशने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लेकिन 9 से 5 की नौकरी के साथ रोजाना कोई दूसरा काम करना इतना भी आसान नहीं। ऐसे में वीकेंड पर किया जाने वाला छोटा बिजनेस एक विकल्प हो सकता है। अगर आपके पास शनिवार और रविवार को समय है तो इन 5 कामों को कम समय में शुरू करने पर विचार किया जा सकता है-
हैंडमेड गिफ्ट
त्योहार, जन्मदिन और कई दूसरे मौकों पर गिफ्ट पैकिंग और कस्टमाइज्ड गिफ्ट की मांग रहती है। वीकेंड पर ऑर्डर तैयार किए जा सकते हैं। इसमें गिफ्ट हैम्पर, कार्ड, सजावटी पैकिंग या छोटे हैंडमेड आइटम शामिल किए जा सकते हैं। सोशल मीडिया के जरिए अपने काम को दिखाकर कस्टमर बेस बना सकते हैं।
सोशल मीडिया मैनेजमेंट
अगर आपको Instagram, Facebook या दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट बनाना आता है तो छोटे बिजनेस के सोशल मीडिया अकाउंट संभालने का काम लिया जा सकता है। पोस्ट डिजाइन करना, कैप्शन लिखना और कंटेंट कैलेंडर तैयार करना जैसे काम वीकेंड पर किए जा सकते हैं। इससे एक से ज्यादा छोटे क्लाइंट के साथ काम करने का मौका मिल सकता है।
फोटोग्राफी और वीडियो एडिटिंग
अगर आपके पास कैमरा या अच्छा स्मार्टफोन और वीडियो एडिटिंग की जानकारी है तो छोटे इवेंट, प्रोडक्ट शूट या सोशल मीडिया रील बनाने का काम लिया जा सकता है। कई लोग वीकेंड पर ही शूट करवाना पसंद करते हैं, इसलिए नौकरी करने वालों के लिए यह काम समय के लिहाज से फिट हो सकता है।
ऑनलाइन ट्यूशन या स्किल क्लास
अगर किसी विषय, भाषा या स्किल में अच्छी जानकारी है तो वीकेंड पर ऑनलाइन क्लास शुरू की जा सकती है। स्कूल के छात्रों को पढ़ाने से लेकर बेसिक कंप्यूटर, इंग्लिश स्पीकिंग, डिजाइनिंग या किसी अन्य स्किल की क्लास दी जा सकती है। इसे घर से शुरू करने पर अलग दुकान या ऑफिस की जरूरत नहीं होगी।
किड्स एक्टिविटी वर्कशॉप
अगर आपको बच्चों के साथ काम करना पसंद है तो किड्स एक्टिविटी वर्कशॉप एक अच्छा वीकेंड बिजनेस आइडिया हो सकता है। इसमें शनिवार या रविवार को 1–2 घंटे की छोटी क्लास रखकर बच्चों को ड्रॉइंग, पेंटिंग, पेपर क्राफ्ट, क्ले आर्ट, DIY डेकोरेशन, स्टोरीटेलिंग या बेसिक साइंस एक्सपेरिमेंट जैसी एक्टिविटीज करवाई जा सकती हैं।
