WI vs BAN: निकोलस पूरन की तूफानी पारी से जीता वेस्‍टइंडीज, बांग्‍लादेश को सीरीज में 2-0 से रौंदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 12:45 PM IST

West Indies beat Bangladesh: वेस्‍टइंडीज ने तीसरे व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में बांग्‍लादेश को 5 विकेट से हराया। इसी के साथ कैरेबियाई टीम ने बांग्‍ला शेरों का टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 से मात दी।

WI vs BAN: निकोलस पूरन की तूफानी पारी से जीता वेस्‍टइंडीज, बांग्‍लादेश को सीरीज में 2-0 से रौंदा
Photo Credit: Twitter

जॉर्जटाउन: कप्तान निकोलस पूरन के 39 गेंद में नाबाद 74 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को तीसरे टी20 मैच में पांच विकेट से जीत दिलाकर सीरीज 2-0 से जीत ली। याद दिला दें कि वेस्‍टइंडीज और बांग्‍लादेश के बीच सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। इसके बाद कैरेबियाई टीम ने दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 35 रन से जीता था।

बांग्लादेश ने तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 163 रन बनाये। जवाब में वेस्टइंडीज ने 10 गेंद बाकी रहते पांच विकेट पर 169 रन बना लिये। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। लिटन दास और अफीफ हुसैन ने ओडियन स्मिथ के ओवर में 20 रन निकालकर टीम को शानदार शुरूआत दी। दोनों के बीच 57 रन की साझेदारी को हेडन वॉल्श ने तोड़ा, जब लिटन ने प्वाइंट पर कैच थमाया। उन्होंने 41 गेंद में 49 रन बनाये।

वॉल्श ने 19वें ओवर में महमूदुल्लाह को 22 के स्कोर पर पगबाधा आउट किया। अफीफ 38 गेंद में 50 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के जड़े। जवाब में वेस्टइंडीज को स्पिन आक्रमण का संभलकर सामना करना पड़ा। सलामी बल्लेबाज काइल मायर्स ने 38 गेंद में 55 रन बनाये। वेस्टइंडीज का स्कोर सातवें ओवर में तीन विकेट पर 43 रन था जब मायर्स और पूरन क्रीज पर थे। दोनों ने 8 . 3 ओवर में 85 रन की साझेदारी की।

मायर्स 15वें ओवर में आउट हुए। इसी ओवर में पूरन ने दो छक्के समेत 19 रन बनाये। उन्होंने 18वें ओवर में अफीफ को छक्का जड़कर अपना नौवां टी20 अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद महमूदुल्लाह को पांचवां छक्का लगाकर मैच समाप्त किया। अब दोनों टीमें रविवार से जॉर्जटाउन में ही तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेंगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!