Traffic Advisory: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के वोटों की गिनती आज, 19 सितंबर 2026 को नॉर्थ कैंपस में आयोजित की जा रही है। मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए जहां दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 09:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनाव नतीजों के बाद किसी भी तरह का विजय जुलूस निकालने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
जीत के जुलूस पर पूरी तरह पाबंदी
दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद किसी भी उम्मीदवार, छात्र या समर्थक द्वारा जीत का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध सड़कों के साथ-साथ दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस, कॉलेजों और हॉस्टल परिसरों में भी सख्ती से लागू रहेगा। चीफ जस्टिस डी.के. उपाध्याय की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि यदि कोई इस आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ आपराधिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, जिसे अदालत की अवमानना भी माना जाएगा। हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है कि कोई भी विजय जुलूस न निकले। इसके साथ ही लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
नॉर्थ कैंपस: ये रास्ते रहेंगे पूरी तरह बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, मतगणना के समय नॉर्थ कैंपस और उसके आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा:
जी.सी. नारंग मार्ग (G.C. Narang Marg) और कैवेलरी लेन (Cavalry Lane) पूरी तरह बंद रहेंगी।
रिंग रोड (आईपी कॉलेज रेड लाइट से जीटीबी नगर रेड लाइट), सुधीर बोस मार्ग, छात्र मार्ग, यूनिवर्सिटी रोड, जीटीबी मार्ग, प्रो. एन.डी. कपूर मार्ग और प्रोबिन रोड प्रभावित मार्ग रहेंगे, यहां जाने से बचें।
डायवर्जन पॉइंट्स और वैकल्पिक व्यवस्था
आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों को आवश्यकतानुसार निम्नलिखित बिंदुओं से डायवर्ट किया जाएगा:
सेंट स्टीफेंस कॉलेज रेड लाइट (St. Stephen's College Red Light)
क्रांति चौक (Kranti Chowk)
मॉरिस नगर रेड लाइट (Maurice Nagar Red Light)
पटेल चेस्ट रेड लाइट (Patel Chest Red Light)
मॉल रोड-छात्र मार्ग टी-पॉइंट (Mall Road-Chhatra Marg T-Point)
यूनिवर्सिटी रोड-जी.सी. नारंग कट
छात्र मार्ग-जी.सी. नारंग कट
आम जनता व यात्रियों के लिए निर्देश
सड़कों के किनारे वाहन खड़ा करने से बचें, क्योंकि इससे ट्रैफिक प्रवाह बाधित होने पर सख्त चालान की कार्रवाई होगी। यात्रियों से अनुरोध है कि वे तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और डायवर्जन संकेतों का ध्यान रखें। सहायता और रियल-टाइम अपडेट के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन: 1095 / 011-25844444, व्हाट्सएप नंबर: 8750871493, वेबसाइट और सोशल मीडिया: traffic.delhipolice.gov.in | X (@dtptraffic) पर संपर्क करें।
