अलग नियमों पर टीम इंडिया ने कहा- 'हम चिड़‍ियाघर में जानवरों जैसा बर्ताव नहीं चाहते'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 4, 2021, 02:16 PM IST

IND vs AUS: सिडनी पहुंचकर भारतीय खिलाड़‍ियों को होटल रूम में रहकर क्‍वारंटीन होने को कहा है। भारतीय टीम ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए अपनी अलग मांग रखी है।

अलग नियमों पर टीम इंडिया ने कहा- 'हम चिड़‍ियाघर में जानवरों जैसा बर्ताव नहीं चाहते'
Photo Credit: AP

सिडनी: टिम पैन के नेतृत्‍व वाली ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया के पांच सदस्‍य बायो-बबल पर्यावरण के उल्‍लंघन के कारण निशाने पर हैं। जहां खिलाड़‍ियों को को बायो-बबल दिशा-निर्देश का पालन करने के लिए सख्‍ती से कहा गया हैं, वहीं क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया ने दर्शकों को स्‍टैंड्स में बैठकर मैच देखने को कहा है- यह ऐसा कदम है, जो भारतीय टीम के साथ अच्‍छी तरह नहीं बीत रहा है।

भारतीय टीम ने रविवार को कोविड-19 परीक्षण कराया और सभी का परिणाम‍ निगेटिव आया। सोमवार को भारतीय टीम के सदस्‍य सिडनी के लिए रवाना हुआ। एक सूत्र ने क्रिकबज से कहा कि जहां भारतीय खिलाड़ी दिशा-निर्देश का पालन करने को तैयार हैं, वो क्रिकेटर्स और फैंस दोनों के लिए समान होना चाहिए। सूत्र ने क्रिकबज से कहा, 'हमें लगता है कि यह दोनों उलटी बात है कि आप दर्शकों को मैदान पर आने की अनुमति दे रहे हो और उन्‍हें आजादी दे रहे हो। वहीं खिलाड़‍ियों को होटल में रहकर क्‍वारंटीन होने को कहा जा रहा है। यह भी तब जब सभी का परिणाम निगेटिव आया है। हम चिड़‍ियाघर में जानवरों जैसा बर्ताव नहीं चाहते हैं।' 

सूत्र ने आगे कहा कि अगर दर्शकों को मैदान के अंदर नहीं आने दिया जाता, तो खिलाड़‍ियों को होटल के कमरों में रूककर क्‍वारंटीन करना जायज होता। उन्‍होंने कहा, 'बात वापस वहीं पहुंच गई, तो हमने शुरूआत में कही थी। हमें प्रत्‍येक ऑस्‍ट्रेलियाई नागरिक जैसे नियमों का पालन करना है। तो अगर दर्शकों को मैदान के अंदर आने की अनुमति नहीं होती, तो हमें होटल में रहकर क्‍वारंटीन होने का बात जायज लगती।'

टीम इंडिया ने नहीं मानी यह बात

क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया की मेडिकल टीम ने भारतीय प्रबंधन को अपने खिलाड़‍ियों को होटल कमरे में रूकने को कहा-जिसे मेहमान ने स्‍वीकार नहीं किया। सूत्र ने कहा, 'हमें उनकी मेडिकल टीम ने कहा कि होटल में हमें अपने फ्लोर छोड़ने की अनुमति नहीं है। सीनियर टीम प्रबंधन ने तुरंत कहा कि ऐसी स्थितियां हमारे लिए स्‍वीकार्य नहीं थी। यही आखिरी बात हमने मामले में सुनी थी।'

बता दें कि रोहित शर्मा सहित पांच भारतीय खिलाड़ी आलोचनाओं से घिर गए जब ये सभी मेलबर्न के एक रेस्‍टोरेंट में लंच करते नजर आए। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई जब क्रिकेटर्स का बिल चुकाने वाले एक फैन ने कई ट्वीट में बिल के फोटो शेयर किए थे। बीसीसीआई ने मंगलवार को बयान जारी करते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के सभी सदस्‍य कोविड-19 निगेटिव आए हैं। इसमें कहा गया, 'भारतीय क्रिकेट टीम और सपोर्ट स्‍टाफ के सदस्‍यों का 3 जनवरी को कोविड-19 टेस्‍ट किया गया। सभी के परिणाम निगेटिव आए हैं।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!