IPL 2022: मुंबई इंडियंस को लगा तगड़ा झटका, प्रमुख खिलाड़ी हुआ टूर्नामेंट से बाहर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 9, 2022, 07:54 PM IST

Suryakumar Yadav rule out for the season: मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच से पहले करारा झटका लगा है। मुंबई इंडियंस के प्रमुख बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। जानिए क्‍या है वजह।

IPL 2022: मुंबई इंडियंस को लगा तगड़ा झटका, प्रमुख खिलाड़ी हुआ टूर्नामेंट से बाहर

मुंबई: मुंबई इंडियंस की टीम सोमवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2022 का 56वां मैच खेलने उतरी। मुंबई इंडियंस को मैच से कुछ समय पहले ही तगड़ा झटका लगा। प्रमुख बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। सूर्यकुमार यादव के बाएं हाथ की कलाई में मांसपेशी का दर्द बढ़ गया, जिसके बाद वह शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम के परामर्श से उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।सूर्यकुमार यादव को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोट लगी थी, जब उन्‍होंने 11 गेंदों में 13 रन बनाए थे। मुंबई ने इस रोमांचक मैच में गुजरात टाइटंस को 5 रन से हराया था।

मुंबई इंडियंस ने कोलकाता के खिलाफ मुकाबला शुरू होने से कुछ देर पहले आधिकारिक अकाउंट पर ट्वीट किया, 'सूर्यकुमार यादव के बाएं हाथ की कलाई की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है और उन्हें इस सत्र से बाहर कर दिया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम के परामर्श से उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।'

बता दें कि सूर्यकुमार यादव एनसीए में रिहैब के कारण भी आईपीएल 2022 के शुरूआती मुकाबलों में नहीं खेल सके थे। मुंबई इंडियंस आज अपना 12वां मैच खेल रही है, जिसमें से सूर्यकुमार यादव केवल 8 मैच खेल सके। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 8 मैचों में तीन अर्धशतकों की मदद से 303 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोर 68* रन रहा। इस दौरान उनकी औसत 43.29 की रही जबकि 145.67 का स्‍ट्राइक रेट रहा।

पता हो कि मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मुकाबले में चोटिल सूर्यकुमार यादव की जगह रमनदीप सिंह को प्‍लेइंग 11 में शामिल किया है। बता दें कि सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम का अहम हिस्‍सा हैं और इस साल ऑस्‍ट्रेलिया की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्‍ड कप के लिए वह जगह पाने वाले मजबूत दावेदारों में से एक हैं। सूर्यकुमार यादव और उनके फैंस चाहेंगे कि जल्‍दी फिट हो जाएं ताकि टी20 वर्ल्‍ड कप में अपना जलवा बिखेर सके।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!