IPL 2022: ग्लैन मैक्सवेल ने तनावमुक्त विराट के प्रदर्शन को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 17, 2022, 05:44 PM IST

आरसीबी के लिए खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ क्रिकेटर ग्लैन मैक्सवेल ने आगामी आईपीएल में तनावमुक्त विराट कोहली के प्रदर्शन को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।

IPL 2022: ग्लैन मैक्सवेल ने तनावमुक्त विराट के प्रदर्शन को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के आक्रामक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल का मानना है कप्तानी के बोझ के बिना विराट कोहली आजकल ‘तनावमुक्त’ नजर आते हैं जो आगामी इंडियन प्रीमियर लीग में विरोधी टीमों के लिए खतरनाक संकेत हैं। पिछले साल के आईपीएल के बाद आरसीबी की कप्तानी छोड़ने वाले कोहली ने राष्ट्रीय टी20 और टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ दी जबकि उन्हें एकदिवसीय टीम की कप्तानी से हटा दिया गया।

विराट नहीं रहे मैदान पर मुंहतोड़ जवाब देने वाले खिलाड़ी
मैक्सवेल का मानना है कि अब कोहली मैदान पर ही मुंहतोड़ जवाब देने वाले आक्रामक क्रिकेटर नहीं हैं जैसा कि वह होते थे और यह हैरानी भरा है। मैक्सवेल ने आरसीबी के पोडकास्ट पर कहा, 'उसे पता है कि वह कप्तान की जिम्मेदारी छोड़ चुका है जो मुझे लगता है कि संभवत: उसके लिए बड़ा बोझ था। शायद पिछले कुछ समय से उस पर इसका बोझ था और अब वह इससे मुक्त हो चुका है, यह शायद विरोधी टीम के लिए खतरनाक खबर है।'

विराट इस बार आईपीएल में खेल का लुत्फ उठाएंगे
ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज मैक्सवेल खुश हैं कि कोहली ऐसे चरण में हैं जहां वह असल में लुत्फ उठाएंगे। उन्होंने कहा, 'थोड़ा राहत महसूस करना उसके लिए शानदार होगा और वह असल में बिना किसी बाहरी दबाव के अपने करियर के अगले कुछ वर्षों का लुत्फ उठा पाएगा। मुझे लगता है कि इससे पहले उसके खिलाफ खेलते हुए वह बेहद आक्रामक प्रतिस्पर्धी था जो मैदान पर ही आपको जवाब देता था। वह हमेशा खेल पर दबदबा बनाने की कोशिश करता था। विरोधी पर हावी होने की कोशिश करता था।'



मैक्सवेल ने कहा कि वह कोहली के साथ क्रिकेट पर बातें करना पसंद करते हैं और हैरान हैं कि पूर्व भारतीय कप्तान उनका करीबी मित्र बन गया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!