जोस बटलर ने कर दी चौके छक्कों की बारिश, जड़ दिया अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 1, 2021, 09:49 PM IST

Jos Buttler maiden T20I Century: इंग्लैंड के दिग्गज ओपनर जोस बटलर ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 के मैच में श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार शतक जड़ दिया। वो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ने वाले चौथे इंग्लिश खिलाड़ी बन गए हैं।

जोस बटलर ने कर दी चौके छक्कों की बारिश, जड़ दिया अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक
Photo Credit: AP

Jos Buttler century: शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में सोमवार को खेले जा रहे मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 164 रनों का लक्ष्य दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 163 रन बनाए। इस दौरान श्रीलंका के गेंदबाजों की जोस बटलर ने जमकर पिटाई की। बटलर और कप्तान इयोन मोर्गन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 78 गेंदों पर 112 रन की साझेदारी की। श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए, वहीं दुष्मंथा चमीरा को एक विकेट मिला।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम को शुरुआती ओवर में तीन झटके लगे। इस वजह से टीम पावर प्ले में महज 36 रन ही बना सकी। इस दौरान, जेसन रॉय (9), डेविड मालन (6) और जॉनी बेयरस्टो (0) रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मैदान पर आए कप्तान मोर्गन ने बटलर के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी की और 15 ओवरों में टीम का स्कोर 100 रन से ऊपर पहुंचा दिया।

बटलर का धुआंधार शतक

इस बीच, बटलर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। लेकिन कप्तान मोर्गन एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 36 गेंदों में 40 रन बनाकर हसरंगा की गेंद पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद श्रीलंका के गेंदाबाजों पर बरसते हुए बटलर ने अगले 50 रन महज 22 गेंदों में पूरे किए और टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ दिया। उन्होंने छह चौके और छह छक्कों की मदद से 67 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए, जिसके कारण टीम का स्कोर 163 रन तक पहुंच सका।

आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर सफलता

जोस बटलर पारी के अंतिम ओवर में 95 रन के स्कोर पर अटक गए थे। इस ओवर की अंतिम तीन गेंदें बाकी थीं, जिसमें से चौथी और पांचवीं गेंद पर बटलर कोई रन नहीं बना सके। आखिरी गेंद पर बटलर ने चमीरा की लेग साइड पर फेंकी गेंद को शानदार अंदाज में स्क्वायर लेग दिशा में छक्के के लिए भेजा और अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। वो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ने वाले चौथे इंग्लिश खिलाड़ी बन गए हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!