हेनरिक क्लासेन ने भारत के जबड़े से अकेले छीनी जीत, याद आया 4 साल पुराना दर्द

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 13, 2022, 08:00 AM IST

क्विंटन डिकॉक की जगह कटक टी20 में दक्षिण अफ्रीकी एकादश में शामिल किए गए हेनरिक क्लासेन ने अकेले दम पर अपनी टीम को जीत दिला दी। 

हेनरिक क्लासेन ने भारत के जबड़े से अकेले छीनी जीत, याद आया 4 साल पुराना दर्द
Photo Credit: AP

कटक: ऋषभ पंत की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को कटक में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 4 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया द्वारा जीत के लिए दिए 149 रन के लक्ष्य को अफ्रीकी टीम ने 18.2 ओवर में 4 विकेट और 10 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। 

डिकॉक की जगह मिला था क्लासेन को मौका
विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन भारत और जीत के बीच बाधा बन गए। क्लासेन ने 46 गेंद में 81 रन की पारी खेली और टीम इंडिया के जबडे़ से जीत छीन ली। क्लासेन ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 5 छक्के जड़े। 59 मिनट की अपनी आतिशी पारी के बल पर क्लासेन ने मैच का रुख पलट दिया। क्लासेन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें क्विंटन डि कॉक के चोटिल होने के कारण इस मैच में मौका मिला था जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया।

29/3 के स्कोर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे क्लासेन 
क्लासेन जब बल्लेबाजी करने उतरे तब दक्षिण अफ्रीका ने 29 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। भुवनेश्वर कुमार ने पिच से मिल रही मदद का फायदा उठाते हुए रीजा हेंड्रिक्स(4), ड्वेन प्रिटोरियस(4) और रासी वान डर डुसें(1) को पवेलियन वापस भेज दिया था। एक छोर कप्तान टेम्बा बावुमा संभाले थे। 

32 गेंद में पूरा किया अर्धशतक 
मैदान पर उतरते ही क्लासेन ने टीम इंडिया के खिलाफ अपने जाने पहचाने अंदाज में रन बनाने शुरू किए। दक्षिण अफ्रीका ने 9.1 ओवर में अपने 50 रन पूरे किए और 10 ओवर में 3 विकेट पर 57 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद क्लासेन ने अपना क्लास दिखाते हुए रनों की बारिश शुरू कर दी। उन्होंने 32 गेंद में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। 

मिलर के साथ की अर्धशकीय साझेदारी
93 के स्कोर पर कप्तान बावुमा के आउट होने के बाद पांचवें विकेट के लिए डेविड मिलर के साथ 26 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली और 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया। मिलर के साथ उन्होंने 51 (28) की साझेदारी की। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षल पटेल ने उन्हें रवि बिश्नोई के हाथों लपकवाकर पवेलियन वापस भेज दिया। 

भारत के खिलाफ जमकर चलता है बल्ला
क्लासेन का टीम इंडिया के खिलाफ बल्ला जमकर चलता है। क्लासेन ने अपने अंतरारष्ट्रीय टी20 करियर में खेले 29 मैच में 25.23 के औसत और 146.40 के स्ट्राइक रेट से 530 रन बनाए हैं। जिसमें से 173 टीम इंडिया के खिलाफ खेले 4 मुकाबलों में 43.25 के औसत और 184.04 के स्ट्राइक रेट से आए हैं। अपनी चार अर्धशतकीय पारियों में से दो उन्होंने भारत के खिलाफ ही खेली हैं और दोनों ही बार अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल रहे हैं। 

4 साल पहले सेंचुरियन में खेली थी ऐसी ही पारी
हेनरिक क्लासेन ने चार साल पहले सेंचुरियर में खेले टी20 मुकाबले में भी ऐसी ही आतिशी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। उस मैच में जीत के लिए द. अफ्रीका को 189 रन बनाने थे और क्लासेन ने 230 के स्ट्राइक रेट से 30 गेंद में 69 रन की पारी खेली थी। इस पारी दौरान उन्होंने 3 चौके और सात छक्के जड़े थे। वहीं कप्तान जेपी डुमिनी ने भी 40 गेंद में 64 रन बनाए थे। ये मैच दक्षिण अफ्रीका ने 8 गेंद शेष रहते 6 विकेट से जीता था। क्लासेन को उस मैच में भी मैन ऑफ द मैच चुना गया था। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!