प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले 5 खिलाड़ियों को किया गया आइसोलेट, दोनों बोर्ड से शुरू की जांच   

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2021, 05:32 PM IST

कथित तौर पर कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले पांच खिलाड़ियों को आइसोलेट कर दिया गया है और दोनों बोर्ड ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले 5 खिलाड़ियों को किया गया आइसोलेट, दोनों बोर्ड से शुरू की जांच   

मेलबर्न: भारतीय खिलाड़ियों के कथित तौर पर बायो सिक्योर प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के मामले में बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच शुरू कर दी है। ऐसे में कथित तौर पर प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले पांच भारतीय खिलाड़ियों को आइसोलेट कर दिया गया है। दोनों क्रिकेट बोर्ड इस बात की जांच में जुट गए हैं कि लंच के लिए बाहर गए खिलाड़ियों ने बायो सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है या नहीं।

एहतियातन लिया गया आइसोलेट करने का फैसला
इस बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी करके बताया, भारतीय और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की मेडिकल टीमों की सलाह पर आरोपी खिलाड़ियों को ऐहतियातन आइसोलेशन में भेज दिया गया है। खिलाड़ी भारतीय टीम के बड़े समूह और ऑस्ट्रेलियाई टींम से यात्रा और अभ्यास के दौरान अलग रहेंगे। रोहित शर्मा, रिषभ पंत, शुभमन गिल, नवदीप सैनी और पृथ्वी शॉ के खिलाफ ये कार्रवाई की गई है। ये कदम टीम के अन्य सदस्यों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की दृष्टि से उठाए गए हैं। 

नवदीप सिंह ने किया था पंत से गले मिलने का दावा
इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब भारतीय मूल के एक व्यक्ति नवदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया जिसमें उनके सामने की टेबल पर मेलबर्न के एक रेस्टोरेंट में रोहित शर्मा सहित पांच खिलाड़ी लंच कर रहे थे। सिंह ने दावा किया कि उन्होंनें भारतीय खिलाड़ियों का बिल चुकता किया और पंत को गले लगाया। लेकिन शनिवार को वो अपने बयान से पलट गए कि पंत को उन्होंने गले नहीं लगाया था और खिलाड़ियों ने उनसे दूरी बनाए रखी थी। 





सिडनी में 7 जनवरी से खेला जाएगा तीसरा टेस्ट
सीरीज का तीसरा टेस्ट 7 जनवरी से सिडनी में खेला जाना है। सिडनी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए खिलाड़ियों को मेलबर्न में रहने और अभ्यास करने को कहा गया है। खिलाड़ियों को बाहर जाने की सशर्त छूट दी गई है। इसी कारण से भारतीय खिलाड़ी बाहर खाना खाने आए थे लेकिन भारतीय मूल के प्रशंसक के रिषभ पंत से गले मिलने के दावे ने परेशानियां बढ़ा दी हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!