राजकोट में फिनिशर दिनेश कार्तिक ने मचाया धमाल, जड़ा अंतरराष्ट्रीय टी20 में पहला अर्धशतक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 17, 2022, 09:06 PM IST

दिनेश कार्तिक ने राजकोट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 में बतौर फिनिशर धमाकेदार पारी खेली और अंतरराष्ट्रीय टी20 में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। 

राजकोट में फिनिशर दिनेश कार्तिक ने मचाया धमाल, जड़ा अंतरराष्ट्रीय टी20 में पहला अर्धशतक
Photo Credit: AP

राजकोट: टीम इंडिया में बतौर फिनिशर शामिल किए गए दिनेश कार्तिक ने धमाकेदार पारी खेली और टीम को 20 ओवर में टीम को 6 विकेट पर169 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। कार्तिक ने 81 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही टीम इंडिया को संभाला और 26 गेंद में छक्के के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया।

छक्के के साथ पूरा किया पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 अर्धशतक
कार्तिक ने 27 गेंद में 55 रन की पारी खेली और इस दौरान 9 चौके और 2 छक्के जड़े। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 203.7 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। कार्तिक को अंतरारष्ट्रीय टी20 में पहला अर्धशतक जड़ने के लिए 15 साल, 6 महीने और 17 दिन इंतजार करना पड़ा। उन्होंने करियर के 36वें टी20 में पहला पचासा जड़ा। 

हार्दिक के साथ की 33 गेंद में 65 रन की साझेदारी
वो जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम इंडिया ने 12.5 ओवर में 81 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। दूसरे छोर पर उनका साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या थे। ऐसे में दोनों ने आक्रमण करते हुए 33 गेंद में पांचवें विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। 146 के स्कोर पर पांड्या आउट हो गए लेकिन डीके दूसरा छोर संभाले रखा और टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर जब कार्तिक आउट हुए तब तक टीम इंडिया ने 159 रन बना लिए थे। 

भारत के पहले टी20 मैच में बने थे प्लेयर ऑफ द मैच 
1 दिसंबर 2006 को करियर के पहले टी20 मैच में वो मैन ऑफ द मैच चुने गए थे। यह भारतीय टीम का भी पहली अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच था। हालांकि उन्होंने इससे पहले कई बार बड़ी पारियां खेली लेकिन अर्धशतक नहीं जड़ सके। निदहास ट्रॉफी के फाइनल में खेली पारी उनके टी20 करियर की अबतक की सबसे बड़ी उपलब्धि थी। 

अंतरराष्ट्रीय टी20 में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय
दिनेश कार्तिक अंतरराष्ट्रीय टी20 में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कार्तिक ने ये उपलब्धि 37 साल 16 दिन की उम्र में हासिल की है। इससे पहले ये रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम दर्ज था। धोनी ने 36 साल 229 दिन की उम्र में ये कारनाम किया था। 

ऐसा है कार्तिक का अंतरराष्ट्रीय टी20 में रिकॉर्ड
दिनेश कार्तिक ने अबतक खेले 36 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच की 30 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 35.07 के औसत और  146.13 के स्ट्राइक रेट से 491 रन बनाए हैं। आज के मुकाबले से पहले उनका सर्वाधिक स्कोर 48 रन था और ये पारी उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली थी। 







30    16    491    55       336       0    1

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!