सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिन्हें देखकर लोग हंसने के साथ-साथ हैरान भी हो जाते हैं। अब एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें एक कुर्सी बेचने वाला अपनी प्लास्टिक की कुर्सी की मजबूती साबित करने के लिए ऐसा अनोखा तरीका अपनाता नजर आया कि देखने वाले भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
कुर्सी की मजबूती साबित करने के लिए दुकानदार ने लगा दिया पूरा जोर
वायरल वीडियो (Viral Video) में दुकानदार सबसे पहले प्लास्टिक की कुर्सी को हाथ से जोर-जोर से दबाकर और मारकर उसकी मजबूती दिखाता है। इसके बाद वह कुर्सी पर चढ़ जाता है और अपना पूरा वजन उस पर डाल देता है। लेकिन इसके बाद जो होता है, वह और भी मजेदार है। शख्स कुर्सी के ऊपर खड़े होकर कूदने लगता है। कुछ देर बाद वह उसी कुर्सी पर डांस भी शुरू कर देता है। वह अलग-अलग अंदाज में कुर्सी के ऊपर उछलता और नाचता दिखाई देता है। इस दौरान कुर्सी के पैर उसके वजन से थोड़ा मुड़ते और लचकते जरूर नजर आते हैं, लेकिन कुर्सी टूटती नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
दुकानदार ने खुद चढ़कर कर दिया लाइव टेस्ट
दरअसल, दुकानदार का मकसद कुर्सी को बेचने से पहले उसकी मजबूती ग्राहकों को दिखाना था। आमतौर पर जब कोई प्लास्टिक की कुर्सी खरीदता है तो उसके मजबूत होने की चिंता जरूर रहती है। ऐसे में इस दुकानदार ने कुर्सी की मजबूती समझाने के लिए किसी लंबी-चौड़ी बात के बजाय उसका लाइव टेस्ट ही करके दिखा दिया। इस वीडियो को एक्स यूजर साजिद त्यागी ने अपने अकाउंट @ItyagiSajid से शेयर किया है। पोस्ट में बताया गया कि कुर्सी बेचने वाला उनके इलाके में आया था और उसने कुर्सी की मजबूती का इस तरह प्रदर्शन किया।
ऐसी टेस्टिंग आपने कभी नहीं देखी होगी
वीडियो (Video) सामने आने के बाद लोगों ने इसे मजेदार अंदाज में लिया। कुछ लोगों ने कहा कि दुकानदार ने कुर्सी की इतनी जबरदस्त टेस्टिंग कर दी कि अब ग्राहक को अलग से टेस्ट करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। वहीं, कुछ यूजर्स ने मजाक करते हुए पूछा कि आखिर इतनी मजबूत कुर्सी की कीमत कितनी है? फिलहाल, कुर्सी बेचने वाले का यह अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों के लिए मनोरंजन का कारण बना हुआ है। कुर्सी का प्रचार करने निकले दुकानदार ने अपने अंदाज से ऐसा प्रदर्शन कर दिया कि कुर्सी से ज्यादा चर्चा उसके डांस की होने लगी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
