राजकोट में पचासा जड़कर दिनेश कार्तिक ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 17, 2022, 09:36 PM IST

Dinesh Karthik, Oldest India cricketer to score T20I fifty: तीन साल लंबे अंतराल के बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले दिनेश कार्तिक ने राजकोट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलकर एमएस धोनी का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया।

राजकोट में पचासा जड़कर दिनेश कार्तिक ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड 
Photo Credit: AP

राजकोट: तीन साल लंबे अंतराल के बाद 37 साल की उम्र में टीम इंडिया में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने शुक्रवार को राजकोट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 27 गेंद में 55 रन की धमाकेदार पारी खेली। कार्तिक ने 81 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही टीम इंडिया को धमाकेदार अर्धशतक जड़कर उबारा और 20 ओवर में 6 विकेट पर 169 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। 

बने अंतरराष्ट्रीय टी20 अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय
कार्तिक ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंद में छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। यह अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनके करियर का पहला अर्धशतक था। इस अर्धशतक को जड़ने के लिए उन्हें 15 साल, 6 महीने और 17 दिन लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्होंने 37 साल 16 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला पचासा जड़ा और एमएस धोनी के भारत के लिए सबसे अधिक उम्र में अंतरराष्ट्रीय टी20 में अर्धशतक जड़ने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 

धोनी ने 36 साल 229 दिन की उम्र में जड़ा था पचासा 
धोनी ने 36 साल 229 दिन की उम्र में साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए मैच में अर्धशतक जड़ा था। उस मैच में धोनी ने 43 गेंद में नाबाद 52* रन की पारी खेली थी। यह धोनी के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का दूसरा अर्धशतक था। 

छठे या उससे निचले पायदान पर भारत के लिए सबसे बड़ी पारी 
इसके अलावा कार्तिक भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में छठे या उससे निचले पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। कार्तिक से पहले ये रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम दर्ज था। धोनी ने साल 2018 में सेंचुरियर में खेले टी20 के दौरान ही ये धमाल किया था। उनके बाद इस सूची में तीसरे पायदान पर मनीष पांडे हैं जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2020 में नाबाद 50 रन की पारी खेली थी। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!