AUSW vs INDW: भारतीय महिला टीम को तीसरे टी20 में भी मिली हार, ऑस्ट्रेलिया ने जीती सीरीज 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 10, 2021, 05:56 PM IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में भी हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच की सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम की।

AUSW vs INDW: भारतीय महिला टीम को तीसरे टी20 में भी मिली हार, ऑस्ट्रेलिया ने जीती सीरीज 
Photo Credit: Twitter

गोल्ड कोस्ट: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रविवार को खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 14 रन की शिकस्त झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 149 रन बनाए जिसके जवाब में भारतीय टीम छह विकेट पर 135 रन ही बना सकी। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की श्रृंखला को 2-0 से अपने नाम कर ली।

भारत ने किया टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया जिसे तेज गेंदबाज रेणुका सिंह दूसरे ओवर में एलिसा हीली को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराकर सही साबित किया। कप्तान मेग लेनिंग लय हासिल कर रही थी लेकिन सातवें ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ की गेंद पर हिट विकेट हो गयी। उन्होंने 14 रन बनाये।

73 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने गंवा दिए थे 4 विकेट
इसके बाद पूजा वस्त्राकर ने ऐश्ली गार्डनर (एक रन) को ऋचा के हाथों कैच कराया तो वहीं एलिसा पेरी दीप्ति शर्मा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वस्त्राकर को कैच थमा बैठी। उन्होंने आठ रन बनाये। टीम 12वें ओवर में 73 रन पर चौथा विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी लेकिन पिछले मैच की तरह एक बार मूनी और मैकग्रा ने संकटमोचक की भूमिका निभाई। दोनों ने 44 रन की अहम साझेदारी की जिसमें मूनी ने तेजी से रन जुटाये।

मैक्ग्रा ने खेली आतिशी पारी  
राजश्वरी ने मैच के 18वें ओवर मूनी को कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराया लेकिन इसी ओवर में मैकग्रा ने छक्का और फिर चौका जड़कर 16 रन बटोर लिये। मैकग्रा ने 19वें ओवर में शिखा पांडे के खिलाफ चौका जड़ा जबकि जॉर्जिया वेयरहम ने 20वें ओवर में दीप्ति की गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। इन दोनों ओवरों से 10-10 रन बने। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी तीन ओवरों में 36 रन बटोरे। भारत के लिए राजेश्वरी ने चार ओवर में 37 रन देकर दो जबकि रेणुका, वस्त्राकर और दीप्ति ने एक-एक विकेट लिया। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा 61 रन की पारी खेली वहीं मैकग्रा ने नाबाद 44 रन बनाए। मूनी ने 43 गेंद की पारी में 10 चौके लगाये जबकि पिछले मैच में टीम को जीत दिलाने वाली मैकग्रा ने एक बार फिर बल्ले से उपयोगी योगदान देते हुए 31 गेंद की नाबाद पारी में एक छक्का और छह चौके जड़े। 

दूसरे ओवर में ही पवेलियन लौटीं शेफाली 
जीत के लिए 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। धाकड़ सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मी दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर गार्डनर की गेंद पर कैच देकर पवेलियन लौट गईं। उन्होंने 3 गेंद का सामना किया और केवल 1 रन बना सकीं। 

मंधाना-रोड्रिगेज ने संभाला 
शेफाली के आउट होने के बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिगेज ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को 60 रन के स्कोर तक पहुंचाय लेकिन 11वें ओवर की चौथी गेंद पर वेरहेम ने रोड्रिगेज को कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। रोड्रिगेज ने 26 गेंद में 23 रन बनाए। 

मंधाना के आउट होते ही ढह गई पारी
रोड्रिगेज के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत मैदान पर मंधाना का साथ देने उतरीं लेकिन 46 गेंद पर 8 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद वो कैरी की गेंद पर लेनिंग के हाथों लपकी गईं। उन्होंने 49 गेंद में 52 रन बनाए। जब मंधाना आउट हुईं उस वक्त टीम का स्कोर 14.5 ओवर में 92 रन था और जीत के लिए 31 गेंद में 58 रन बनाने थे। 

लेकिन मंघाना का आउट होने के 6 गेंद बाद ही कप्तान हरमनप्रीत(13) ने भी अपना विकेट गंवा दिया और टीम दबाव में आ गई। अंत में रिचा घोष ने एक छोर से तेजी से 11 गेंद में 23 रन की पारी खेली लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला और टीम अंत में 20 ओवर में 6 विकेट पर 135 रन बना सकी और 14 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। 

ऑस्ट्रेलिया ने जीती सीरीज 
ऑस्ट्रेलयाई टीम ने शनिवार को ही दूसरा टी20 मैच जीतकर  कई प्रारूपों की श्रृंखला को अपने नाम कर लिया था। भारतीय टीम के इस दौरे पर श्रृंखला विजेता का निर्धारण एकदिवसीय (तीन मैच), टेस्ट (एक मैच) और टी20 अंतरराष्ट्रीय (तीन मैच) के समग्र नतीजे पर किया गया है। और ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज 2-1 के अंतर से जीती था। वहीं दोनों के बीच खेला गया एकमात्र डे-नाइट टेस्ट ड्रा रहा और अब टी20 सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली है। इस तरह दौरे पर भारतीय टीम केवल एक जीत दर्ज कर सकी। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!